April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बूंदी के आराध्य भगवान की निकली डोल यात्रा, श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

बूंदी के आराध्य भगवान की निकली डोल यात्रा, श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

एनसीआई@बूंदी

जलझूलनी एकादशी डोल यात्रा के अवसर पर मंगलवार को शहर में आराध्य श्री रंगनाथ भगवान, श्री गोविंदा नाथ व श्री पीताम्बर जी की शोभायात्रा निकाली गई। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने इनके दर्शन किए, आशीर्वाद लिया।

श्री रंगनाथ सेवा समिति के अध्यक्ष पुरुषोत्तम पारीक ने बताया कि वर्षों से चली आ रही परम्परा के अनुरूप आज शाम को जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी, नगरपरिषद की सभापति मधु नुवाल, पूर्व राजपरिवार के सदस्य वंश वर्धन सिंह सहित अन्य गणमान्य शहरवासियों ने पूजा अर्चना की। पंडित ओम प्रकाश शर्मा, रघुनंदन राज मुखिया, मुकेश शर्मा, मधुसूदन शर्मा सहित सरस्वती भंडार के पंडितों ने वैदिक मंत्रोचार के साथ पूजा-अर्चना कर आरती उतारी। इसके बाद भगवान श्री रंगनाथ, श्री गोविंदा नाथ व श्री पीताम्बर जी की डोल यात्रा प्रारम्भ हुई। यह डोल यात्रा बुलबुल के चबूतरे से होते हुई तिलक चौक, सदर बाजार व चौमुखा बाजार से गुजरती हुई कागदी देवरा, ऊपरला बाजार से रामबाग स्थित राम घाट पर पहुंची।

बूंदी के कई पूर्व ठिकानेदार, श्री रंगनाथ सेवा समिति के पदाधिकारी अजय नुवाल, पूर्व पार्षद विजय शंकर टेलर सहित कई अन्य गणमान्य लोग इस डोल यात्रा में शामिल रहे। इसकी पूरी व्यवस्था देवस्थान विभाग के निरीक्षक आशुतोष गुप्ता, मैनेजर राम सिंह सहित विभाग के अन्य कर्मचारियों ने संभाली। राम घाट पर वंश वर्धन सिंह व राजपुरोहित राजेश शर्मा ने भगवान को स्नान करवाकर पूजा-अर्चना कर आरती उतारी। इसके पश्चात डोल यात्रा श्री रंगनाथ मंदिर पहुंची। यहां पंडितों ने आरती उतार कर प्रसाद वितरण किया। इसके पूर्व मंदिर में पंडितों ने गणमान्य नागरिकों को लाल रंग की छड़ी वितरित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.