July 13, 2026

News Chakra India

Never Compromise

व्यापारी के घर डकैती डालने वाली गैंग के मास्टर माइंड सहित 7 बदमाश गिरफ्तार, एक महिला भी शामिल

व्यापारी के घर डकैती डालने वाली गैंग के मास्टर माइंड सहित 7 बदमाश गिरफ्तार, एक महिला भी शामिल

एनसीआई@जयपुर

राजधानी जयपुर के गलता गेट इलाके में आटा व्यवसायी के घर 24 अगस्त को हुई लाखों की डकैती का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने डकैती को अंजाम देने वाली गैंग के मास्टरमाइंड सहित 7 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, इनमें एक महिला भी शामिल है। दिल्ली की गैंग के इन बदमाशों को दिल्ली से ही गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इनसे करीब 26 लाख रुपए बरामद किए हैं। आरोपियों ने इनकम टैक्स अधिकारी बनकर इस वारदात को अंजाम दिया था।

 

आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई को डीसीपी नॉर्थ परिस देशमुख के निर्देशन में अंजाम दिया गया। इस वारदात का मास्टर माइंड पांचाल महासभा का अध्यक्ष संजय पांचाल निकला। आरोपी संजय ने दिल्ली के गिरोह के जरिए डकैती की वारदात करवाई थी। इस डकैती की साजिश करीब 6 महीने पहले रची गई थी। इस साजिश के तहत व्यापारी के घर कारपेंटर और इलेक्ट्रिशियन का काम करने आए दो मजदूरों ने पूरे घर की रैकी की थी। इस रैकी के लिए मजदूरों को 25-25 हजार रुपए दिए गए थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ पहले से दो दर्जन से ज्यादा अपराधिक मामले दर्ज हैं। गलता गेट थाना पुलिस ने तकनीकी सहायता और ट्रेडिशनल पुलिसिंग के जरिए इस वारदात का पर्दाफाश करने में सफलता हासिल की है।

उल्लेखनीय है कि 24 अगस्त को गलता गेट इलाके में बदमाशों ने आटा व्यापारी के घर में डकैती को अंजाम दिया था। बदमाश खुद को इनकम टेक्स अधिकारी बताकर व्यापारी के घर में घुसे थे। ये पूरे परिवार को बंधक बनाकर 60 लाख रुपए से ज्यादा व 1.5 किलो सोने के जेवरात लूट कर फरार हो गए थे। इसके बाद पीड़ित व्यापारी सत्यनारायण ताम्बी ने थाने में मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने संदिग्ध कार के नम्बरों के आधार पर जानकारी जुटानी शुरू की। इसके साथ ही आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले गए।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सहायता के आधार पर बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल हुई। व्यापारी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि बदमाश उनकी दोनों बहुओं को इनकम टेक्स ऑफिसर बताकर घर में घुसे थे। इसके बाद पिस्टल तान कर परिवार के लोगों को बंधक बना लिया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.