बूंदी के आराध्य भगवान रंगनाथ जी की शोभायात्रा जलझूलनी एकादशी के अवसर पर 6 सितम्बर को
एनसीआई@बूंदी
जलझूलनी एकादशी के अवसर पर 6 सितम्बर, मंगलवार को बूंदी के आराध्य भगवान श्री रंगनाथ जी की डोल यात्रा रावला चौक स्थित श्री रंगनाथ मंदिर से शाम को 5 बजे शुरू होगी। यह शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरेगी।
श्री रंगनाथ सेवा समिति के अध्यक्ष पुरुषोत्तम पारीक ने बताया कि डोल यात्रा में भगवान श्री रंगनाथ जी के साथ साथ श्री गोविंदा नाथ व श्री पीताम्बर जी के विमान भी रहेंगे। इसी क्रम में पूर्व राजपरिवार के सदस्य वंशवर्धन सिंह व उनके पिता बलभद्र सिंह को देवस्थान विभाग के निरीक्षक आशुतोष गुप्ता व मैनेजर राम सिंह ने ईश्वरी निवास पहुंचकर आमंत्रण पत्र दिया। पारीक ने बताया कि डोल यात्रा श्री रंगनाथ मंदिर से पूजा अर्चना के बाद रवाना होगी। यह नाहर का चौहटा स्थित बुलबुल के चबूतरे से होती हुई तिलक चौक, सदर बाजार, चौमुखा बाजार, मोची बाजार, कागदी देवरा व ऊपरला बाजार से गुजर कर रामबाग पहुंचेगी। जहां राम घाट पर वंशवर्धन सिंह भगवान श्री रंगनाथ व गोविंदा नाथ को स्नान करवाकर पूजा-अर्चना कर आरती उतारेंगे।
इसके पश्चात डोल यात्रा वापस रावला चौक स्थित श्री रंगनाथ मंदिर पर पहुंचेगी। यहां पंडित रघुनंदन राज मुखिया, पंडित मुकेश शर्मा, पंडित ओम प्रकाश शर्मा व पंडित मधुसूदन शर्मा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आरती उतारेंगे। डोल यात्रा का मार्ग में लक्ष्मीनाथ मंदिर, जगदीश मंदिर, चारभुजा मंदिर व चौमुखा स्थित त्रिहस्त गणेश मंदिर पर स्वागत किया जाएगा। सेठ जी के चौक में परम्परागत रूप से राजकुमार कासलीवाल आरती उतारेंगे।
अन्य स्थानों पर भी जनता की ओर से स्वागत कर भगवान को भेंट चढ़ा, माला पहनाकर फल-फूल भेंट करेंगे। इसी के साथ आराधना कर आशीर्वाद लेंगे। श्री रंगनाथ सेवा समिति के मुख्य सलाहकार एडवोकेट अजय नुवाल व मंत्री विजय टेलर ने अपील की है कि अधिकाधिक संख्या में शहरवासी इसमें शामिल हों। विमानों पर पुष्प वर्षा कर पुण्य कमाएं व आशीर्वाद प्राप्त करें।
