कोटा दक्षिण से विधायक संदीप शर्मा ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात की, उठाई कई अहम समस्याएं, मिला समाधान का आश्वासन
एनसीआई@कोटा
कोटा दक्षिण से विधायक संदीप शर्मा ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा से विधानसभा कक्ष में मुलाकात कर कोटा चिकित्सालय में सुविधाओं के विस्तार की मांग की।
विधायक शर्मा ने मंत्री को बताया कि कोटा का न्यू मेडिकल कॉलेज सम्भाग का सबसे बड़ा चिकित्सालय है। इसमें कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़ के अलावा सीमावती राज्यों तक से मरीज उपचार कराने आते हैं। न्यू मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में उपचार के लिए पर्याप्त जगह होने के बावजूद भी स्टाफ की कमी के कारण इसका लोगों को पर्याप्त लाभ नहीं मिल पा रहा है। न्यू मेडिकल काॅलेज चिकित्सालय में द्वितीय तल के निर्माण का पुरा हुए दो साल से भी अधिक बीत गया है। परन्तु पर्याप्त चिकित्सक और चिकित्साकर्मियों के नहीं होने से इस तल का उपयोग पूर्ण रूप से नहीं हो पा रहा है।
विधायक संदीप शर्मा ने आगे कहा कि सम्भाग के इस सबसे बड़े चिकित्सालय में मरीजों की संख्या काफी अधिक होने से यहां काफी भीड़ रहती है। इसी तरह केन्द्र सरकार की सहायता से न्यू मेडिकल काॅलेज में 150 करोड़ की लागत सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सालय का निर्माण करवाया। इसका निर्माण पूर्ण हुए 3 वर्ष से भी अधिक समय हो गया है। यहां भी अन्य कमियों के अलावा कई विशेषज्ञ चिकित्सकों की भी कमी है।
विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री को यह भी बताया कि कोटा के विज्ञान नगर क्षेत्र के स्वास्थ्य केन्द्र में मरीजों का अधिक दबाव होने के कारण इसे क्रमोन्नत कर शहरी स्वास्थ्य केन्द्र के रूप में विकसित किया गया था, ताकि इस क्षेत्र में रहने वाले लाखों लोगों को इसका लाभ मिल सके। इस स्वास्थ्य केन्द्र का 75 लाख रुपए से निर्माण करवाया गया था। इसका निर्माण पूर्ण हुए भी 3 वर्ष से अधिक हो गया है, परन्तु आज तक इस चिकित्सालय का विधिवत शुभारम्भ नहीं हो पाया है। ना ही इसमें चिकित्सक, नर्सिंगकर्मियों का पदस्थापन हो पाया। इसमें सुविधाओं का भी विस्तार नहीं हो पाया। यहां लगी मशीनें व अन्य चिकित्सा उपकरण स्टाफ की कमी के कारण धूल खा रहे है। क्षेत्रीय लोगों को इनका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री मीणा ने विधायक शर्मा को आश्वस्त किया कि शीध्र इन चिकित्सालयों में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। चिकित्सक व चिकित्साकर्मियों के पद भी भरे जाएंगे।
