राजस्थान: एमएलए के दो पुत्र, बीडीओ और प्रधान पुत्र रिश्वत लेते व मांगने के मामले में धरे गए
एनसीआई@जयपुर
जयपुर एसीबी ने शुक्रवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अलवर जिले के थानागाजी विधायक कांति प्रसाद मीणा के दो बेटों, राजगढ़ बीडीओ व प्रधान पुत्र को 5 लाख रुपए की रिश्वत के मामले में गिरफ्तार कर लिया। एसीबी ने यह राशि बरामद कर ली है। यहां उल्लेखनीय है कि एमएलए के एक बेटे को पहले जयपुर में रिश्वत लेते धरा। बाद में इसके बयान के आधार पर अन्य गिरफ्तारियां की गईं।
मुख्य कार्रवाई के बाद पूछताछ में एमएलए के आरोपी पुत्र कृष्ण मीणा ने बताया कि उसे बड़े भाई लोकेश मीणा ने पैसे लेने के लिए जयपुर भेजा था। इस पर एसीबी की टीम देर रात कृष्णा को लेकर थानागाजी पहुंची। जहां लोकेश मीणा, राजगढ़ बीडीओ नेतराम और प्रधान के बेटे जय प्रताप को गिरफ्तार किया। फिर इन्हें लेकर जयपुर लौट आई।
एएसपी ने यह दी जानकारी
एसीबी के एएसपी बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि परिवादी ने शिकायत की थी कि आरोपी उसके चार बोरिंग सहित अन्य कार्यों के बिल पास करने की एवज में पांच लाख रुपए रिश्वत मांग रहे हैं। इसके लिए रात को जयपुर में पैसे देने के लिए कहा गया है। इस पर एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कर कार्रवाई की योजना तैयार की। इसके तहत जैसे ही कृष्ण मीणा 5 लाख रुपए रिश्वत लेने जयपुर पहुंचा तो उसे धर लिया। पूछताछ में उसने अपने बड़े भाई, बीडीओ और प्रधान के बेटे का भी नाम लिया। अब एसीबी की टीम जयपुर में चारों से पूछताछ कर रही है।
ठेकेदार की नीयत खराब, मेरे बेटे षडयंत्र में फंस गए
इस मामले में एमएलए कान्ति प्रसाद मीणा ने कहा कि विराट नगर का ठेकेदार है। अच्छा खासा परिचित है। उसके साथ भाई के बेटे का ठेका चलता था। इनका बाजार में डीजल व अन्य सामान का लेन-देन बाकी था। उसमें जमुआरामगढ़ के पैसे का लेन-देन भी था। इस लेन-देन के कारण उसकी नीयत खराब हो गई, इसलिए उसने एसीबी को शिकायत दी कि उससे 5 लाख रुपए की रिश्वत मांगी है। मेरे दोनों बेटे जयपुर में हैं। एसीबी टीम उनसे पूछताछ कर रही है। मेरे बेटों को षड्यंत्र के तहत फंसाया गया है।
जिसे पैसा देते हैं, उससे वापस लेना, किस कानून में गुनाह
विधायक मीणा ने कहा, ‘किसी को दिया हुआ पैसा, वापस लेना किस कानून में अपराध हो गया? ठेकेदार को हमारी क्रेडिट पर पाइप दिलवाए, उसका पैसा बकाया था, उसकी मशीनों में डीजल डलवाने का पैसा भी बकाया था। जब कोई चीज ली है तो उसका पैसा तो चुकाना ही पड़ता है। पाइपों और डीजल के बकाया पैसे चुकाने को कहा तो उसने षड्यंत्र करके एसीबी में शिकायत कर दी। मेरे बेटों को ट्रेप करा दिया। आपसी लेनदेन के मामले को रिश्वत बना दिया। अब हम कोर्ट के सामने ही पूरी सच्चाई रखेंगे, सब दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।’
एसीबी के डीएसपी परमेश्वर यादव ने बताया कि परिवादी ने एसीबी मुख्यालय में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया कि एमएलए पुत्र और प्रधान पुत्र उसे बार-बार परेशान कर रहे हैं। उसका 26 लाख रुपए का बिल है, जिसे देने की एवज में 9 लाख की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत का सत्यापन करवाया। देर रात इंदिरा नगर जगतपुरा से 38 वर्षीय कृष्णा मीणा को परिवादी से पैसा लेते हुए गिरफ्तार किया। इसके बाद दूसरी टीमों ने राजगढ़ से लोकेश मीणा, बीडीओ नेतराम मीणा को राजगढ़ पंचायत समिति के पास से और प्रधान पुत्र जयप्रताप को जरा वर्ली राजगढ़ से गिरफ्तार किया। इन सभी को एसीबी मुख्यालय लाया गया है।
