केस वापस नहीं लिया तो युवक की दौड़ा-दौड़ाकर हत्या, तीनों आरोपी फैजान, आलम और बिलाल गिरफ्तार
एनसीआई@दिल्ली
देश की राजधानी के सुंदर नगर इलाके में शनिवार सायं एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बदमाश इतने बेखौफ थे कि हत्या को अंजाम देने के बाद आराम से चाकू लहराते हुए निकल गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों फैजान, आलम और बिलाल को गिरफ्तार कर लिया है। तनाव भड़कने की आशंका को देखते हुए इलाके में एहतियातन फोर्स तैनात कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार सायं 7 बजकर 40 मिनट पर पुलिस को एक युवक पर जानलेवा हमले की जानकारी मिली। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची,घायल युवक मनीष को अस्पताल ले जाया जा चुका था। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक मृतक के हिन्दू व आरोपियों के मुस्लिम होने से इलाके में तनाव जैसे हालात बन गए हैं। आक्रोशित स्थानीय युवकों ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नारेबाजी की।
मनीष पर पहले भी हमला कर चुके थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक मृतक मनीष बेरोजगार था। उसके परिवार और दोस्तों के मुताबिक आरोपी युवकों ने पहले भी मनीष पर हमला किया था, जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गया था। उस मामले में आरोपियों पर केस दर्ज किया गया था, जिसकी सुनवाई चल रही है। इस केस को वापस लेने के लिए आरोपी पक्ष मनीष पर दबाव बना रहा था, मगर उसने इससे इनकार कर दिया था।
मनीष को दौड़ा-दौड़ाकर मारे गए चाकू
केस वापस लेने से इनकार करने के बाद आरोपी युवकों ने मनीष को जान से मारने का फैसला किया। इसके तहत तीनों हमलावरों ने शनिवार शाम मनीष को घेरकर उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मनीष को दौड़ा-दौड़ाकर चाकू मारे गए, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा और बेसुध हो गया। उसके गिरने के बाद आरोपी आराम से चाकू लहराते हुए वहां से निकल गए। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में हत्या का मकसद पैसों का आपसी लेन-देन लग रहा है। मामले की जांच में असली वजह सामने आ जाएगी।
