राजस्थान: पाकिस्तान ने भारतीय सीमा में ड्रोन से गिराई हेरोइन, भारत-पाक बॉर्डर पर फायरिंग
एनसीआई@श्री गंगानगर/अनूपगढ़
भारत-पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित कैलाश पोस्ट के पास पाकिस्तान की एक और नापाक हरकत सामने आई है। पाकिस्तान लगातार भारत के युवाओं को नशे की लत लगाने के लिए हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय तस्करी कर रहा है, मगर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के कारण पाकिस्तान अपनी नापाक हरकत में कामयाब नहीं हो पाता है। ऐसा ही एक मामला अनूपगढ़ क्षेत्र में स्थित भारत-पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कैलाश पोस्ट के पास सामने आया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात 12.45 बजे भारत-पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित कैलाश पोस्ट के पास बीएसएफ के जवानों ने ड्रोन की आवाज सुनी। ड्रोन की आवाज सुनने के बाद बीएसएफ के जवानों ने उस पर फायरिंग की। बीएसएफ के जवानों ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही बीएसएफ के उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा अन्य सुरक्षा एजेंसी अभी अलर्ट हो गईं। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने कैलाश पोस्ट के पास तथा सीमावर्ती गांवों में संयुक्त रूप से नाकाबंदी की। सुरक्षा एजेंसियों के द्वारा देर रात सर्च अभियान चलाया गया, मगर उस समय उन्हें कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
इस पर सुरक्षा एजेंसियों ने कैलाश पोस्ट के आसपास के गांवों में किसानों को निर्देशित किया कि अगर किसी खेत में कोई संदिग्ध वस्तु मिले तो इसकी जानकारी उन्हें दी जाए। इसके बाद आज रविवार सुबह कैलाश पोस्ट के पास भूपेन्द्र सिंह के खेत में साढ़े 3 किलो हीरोइन मिली। जानकारी के अनुसार भूपेन्द्र सिंह सुबह जब अपने खेत में गया तो उसे वहां तीन पैकेट दिखे। ये तीनों पैकेट संदिग्ध लग रहे थे। इस पर भूपेन्द्र सिंह ने इसकी सूचना सुरक्षा एजेंसियों को दी।
सूचना मिलने पर बीएसएफ, सीआईडी और पुलिस मौके पर पहुंची। इन्होंने पैकेट को खोला तो उसमें साढ़े 3 किलो हीरोइन निकली। इसे जब्त कर लिया गया। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। गौरतलब है कि पूर्व में भी पाकिस्तान की तरफ से भारतीय सीमा में ड्रोन से हेरोइन गिराई गई थी। मगर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के कारण यह तस्करों के पास नहीं पहुंच पाई।
