बूंदी जिला: दो ठेकेदारों ने कार्य नहीं किया , कुल 42.75 लाख रुपए जुर्माना, अनुबंध समाप्त, ब्लेक लिस्ट करने की सिफारिश
एनसीआई@बूंदी
जिले के केशवरायपाटन ब्लॉक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत सड़कों का कार्य नहीं करने पर सार्वजनिक निर्माण विभाग ने सम्बन्धित संवदेक के खिलाफ कार्यवाही करते हुए 9.48 लाख रुपए की शास्ति (जुर्माना) लगाई है। साथ ही अनुबंध समाप्त कर ब्लेक लिस्ट करने की अनुशंषा भी की है। इसके अलावा लाखेरी खंड में स्वीकृत कार्य शुरू नहीं करने पर भी संवेदक के खिलाफ अनुबंध के क्लॉज-2 एवं क्लॉज-3(सी) की कार्यवाही की गई है।
अधीक्षण अभियंता वीके जैन ने विवरण देते हुए बताया कि वित्तीय प्रोत्साहन राशि योजना में 27.09 लाख रूपए लागत से 2.58 किलोमीटर सम्पर्क सड़क कोटरी, 42 लाख रुपए लागत से 4 किलोमीटर सम्पर्क सड़क जगन्नाथपुरा एवं 36.75 लाख रुपए लागत से 3.50 किलोमीटर सम्पर्क सड़क नयागांव के डामरीकरण कार्य के लिए वर्ष 2021-22 में वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हुई थी। इस कार्य के लिए संवेदक मैसर्स गोपेश शर्मा, धौलपुर को 94 लाख 70 हजार 361 रुपए का कार्यादेश जारी किया गया था। यह कार्य पूर्ण करने की तिथि 11 अगस्त 2022 नियत की गई थी।
जैन ने बताया कि मगर संवेदक ने कार्य प्रारम्भ नहीं किया। इस पर विभाग की ओर से समय-समय पर पत्र एवं नियमानुसार नोटिस दिए गए एवं उच्चाधिकारियों को संवेदक के विरुद्ध कार्यवाही करने के लिए लिखा गया। इसके तहत अतिरिक्त मुख्य अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग सम्भाग कोटा ने अनुबंध की शर्ताें के अनुसार सड़क अनुबंध को टर्मिनेट किए जाने तथा संवेदक पर अनुबंध राशि की 10 प्रतिशत पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए।
उच्च अधिकारियों से मिले निर्देशों कीे अनुपालना में संवेदक पर 10 प्रतिशत राशि 9 लाख 48 हजार की पेनल्टी लगाई गई है। दोषी संवेदक के विरुद्ध पंजीयन नियमों के तहत कार्यवाही करने के लिए विभाग के सक्षम अधिकारी मुख्य अभियंता एवं अतिरिक्त सचिव को भी अनुशंषा की गई है, ताकि भविष्य में ऐसी पुनरावृति न हो। साथ ही सड़क कार्य करवाने के लिए कार्यालय द्वारा पुनः निविदाएं आमंत्रित कर ली गई हैं। निविदाएं 7 नवम्बर को खोली जाएंगी। इसके पश्चात् सम्भवतया इसी वित्तीय वर्ष 2022-23 में तीनों सड़कों पर डामरीकरण का कार्य पूर्ण करवा दिया जाएगा।
यहां संवेदक पर लगाया 33.27 लाख का जुर्माना
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि खंड लाखेरी में आरआईडीएफ-27 योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2021-22 में स्वीकृत 274 लाख रुपए लागत की करवर-इन्द्रगढ़ माताजी तक 4 किमी सड़क, सम्पर्क सड़क नौताड़ा से रघुनाथपुरा तक 5.60 किमी सड़क, सम्पर्क सड़क कांकरा मेज सड़क 2.20 कि.मी., सम्पर्क सड़क खेड़िया दुर्जन से बोरदा काछियान तक 2.70 किमी तथा 1 करोड़ 81 लाख रुपए की लागत से 3.80 किलोमीटर सम्पर्क सड़क माधोराजपुरा, 2.40 किलोमीटर सम्पर्क सड़क छरखवाडा एवं 2 किलोमीटर की सम्पर्क सड़क चरडाना के कार्याें का कार्यादेश संवेदक मैसर्स उपाध्याय एंड कंपनी ‘ए’ श्रेणी संवेदक को राशि 2 करोड़ 01 लाख 33 हजार 650 तथा राशि 1 करोड़ 31 लाख 43 हजार 220 का जारी किया गया था। ये कार्य पूर्ण करने की तिथि क्रमशः 9 जुलाई 2022 एवं 9 मई 2022 नियत की गई थी। मगर इस संवदेक द्वारा कार्य पूर्ण नहीं करने पर विभाग की ओर से उसके विरुद्ध अनुबंध के क्लॉज-2 एवं क्लॉज-3(सी) की कार्यवाही की गई है।
उन्होंने बताया कि 274 लाख लागत की सड़कों के कार्य नहीं करने पर 20.13 लाख का जुर्माना तथा 181 लाख की लागत से स्वीकृत सड़कों के कार्य शुरू नहीं करने पर फर्म के खिलाफ 13.14 लाख रूपए का जुर्माना किया गया है। इन सड़कों के कार्यों को करवाने के लिए पुनः निविदाएं आमंत्रित किया जाना प्रस्तावित है।
