राजस्थान: नए साल में पुलिसकर्मियों को मिलेगा यह बड़ा तोहफा
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान के डीजीपी उमेश मिश्रा नए साल में पुलिसकर्मियों को एक बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। पुलिस मुख्यालय में आज मंगलवार को हुई क्राइम मीटिंग में इस बारे में फैसला लिया गया। इस मीटिंग में रेंज आईजी और जिला पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए गए कि पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर हर जिले में एक थाने को चुन कर पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश देने की शुरुआत करें।
इस आदेश में यह भी कहा गया कि साप्ताहिक अवकाश देने से पूर्व जिला पुलिस अधीक्षक यह सुनिश्चित कर लें कि थाने में नफरी की कोई कमी ना हो। पायलट प्रोजेक्ट में साप्ताहिक अवकाश की प्रक्रिया सफल रहने पर जिले के बाकी बचे थानों में भी साप्ताहिक अवकाश लागू कर दिया जाए। जनवरी माह में होने वाली क्राइम मीटिंग के दौरान इस निर्णय की समीक्षा की जाएगी। सम्भवतया 14 जनवरी से प्रदेश के हर थाने में तैनात पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश मिलना शुरू हो जाएगा।
Latest News:-
कोटा में एम्बुलेंस में ही अटक गई मरीज की स्ट्रेचर, अजमेर में ऑक्सीजन प्लांट बंद मिला
डीजीपी उमेश मिश्रा ने बताया कि साप्ताहिक अवकाश को लेकर काफी समय से प्लानिंग चल रही थी। पुलिस मुख्यालय यह बेहतर तरीके से जानता है कि फील्ड में काम कर रहे पुलिसकर्मियों को भी सप्ताह में 1 दिन अवकाश की आवश्यकता होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पायलट प्रोजेक्ट के तहत जिले के एक थाने पर साप्ताहिक अवकाश देने की व्यवस्था शुरू की है। यह व्यवस्था एक-दो दिन में जिला पुलिस अधीक्षक की मॉनिटरिंग में शुरू कर दी जाएगी। अगर नफरी की किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हुई तो नए साल के दूसरे सप्ताह में पूरे प्रदेश भर के सभी थानों में साप्ताहिक अवकाश शुरू कर दिया जाएगा।
