निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से 2 बच्चे दबे, लोगों ने मिट्टी खोद कर निकाले, मगर…..
एनसीआई@जयपुर
भट्टा बस्ती में शनिवार शाम करीब सवा छह बजे एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से दो बच्चे दब गए। पुलिस ने सिविल डिफेंस टीम की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद दोनों घायल बच्चों को बाहर निकाला कर कावंटिया हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां डॉक्टर्स ने एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया, दूसरे बच्चे का इलाज जारी है।
एसएचओ हुकम सिंह ने बताया- हादसा न्यू संजय नगर बजरंग नगर में हुआ। कॉलोनी में शेरू खान के मकान का काम कर चल रहा है। देर शाम पड़ोसी बच्चे फैजान (6) पुत्र साजिद और शैम्पू (6) पुत्र शरीफ पास ही खेल रहे थे। अचानक निर्माणाधीन मकान की मिट्टी ढह गई। इससे मकान की दीवार धमाके के साथ गिर गई।
हाथों से मिट्टी खोद बाहर निकाला
तेज धमाके की आवाज सुनकर लोगों में दहशत फैल गई। भट्टा बस्ती थाना पुलिस को सूचना देने के साथ लोग हाथ से ही मिट्टी और दीवार हटाकर बच्चों को ढूंढने लगे। 10 से अधिक लोग खुद फावड़ा लेकर मिट्टी हटाने में जुट गए। पुलिस सहित सिविल डिफेंस टीम भी मौके पर पहुंच गई। हाथों से मिट्टी को खोदकर ही दोनों बच्चों को बाहर निकाल लिया गया।

भट्टा बस्ती थाना पुलिस ने तुरंत सिविल डिफेंस टीम को सूचना देकर मौके पर बुलाया। इस दौरान सिविल डिफेंस टीम भी मौजूद रही। दोनों बच्चों को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर्स ने फैजान को मृत घोषित कर दिया। गम्भीर हालत में शैम्पू को भर्ती कर लिया गया।
10 मिनट के अंतराल में बच्चों को निकाला बाहर
डिप्टी कंट्रोल (सिविल डिफेंस) अमित शर्मा ने बताया कि सिविल डिफेंस टीम के साथ काफी संख्या में लोग मिट्टी में दबे बच्चों को ढूंढने में जुटे थे। हादसे के महज 5 मिनट बाद ही एक बच्चे शैम्पू को हाथों से मिट्टी खोदकर बाहर निकाल लिया गया था। मिट्टी में दबे दूसरे बच्चे फैजान को उसके करीब 10 मिनट बाद बाहर निकाला जा सका।

लापरवाही के चलते हुई बच्चे की मौत
एसएचओ हुकम सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया है कि शेरू खान के मकान निर्माण के दौरान पड़ोस के मकान की दीवार में दरार आ गई थी। पड़ोसी ने उसे दीवार में दरार आने के बारे में बताकर ठीक कराने को कहा था। मगर शेरू खान ने इस पर ध्यान नहीं दिया। इस कारण निर्माणाधीन मकान की मिट्टी ढह गई। इसलिए शेरू खान की लापरवाही के चलते बच्चे की मौत का मामला दर्ज किया जाएगा।
