April 25, 2026

News Chakra India

Never Compromise

रात को साइकिल से गश्त पर निकले एसपी, गलियों से होते हुए अचानक पहुंच‌ गए थाने

रात को साइकिल से गश्त पर निकले एसपी, गलियों से होते हुए अचानक पहुंच‌ गए थाने

एनसीआई@अजमेर

महाशिवरात्रि के अवसर पर शनिवार को बाजारों व शिवालयों पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता बंदोबस्त रहे। हर जगह पुलिस जाब्ता तैनात नजर आया। वहीं, इस दौरान कानून व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एसपी चूनाराम जाट ने रात को बाजारों से लेकर सूनी सड़कों व तंग गलियों में साइकिल पर गश्त की। गैरकानूनी काम वाले इलाकों में आम नागरिक की तरह गए और हालात जांचे।‌ इस दौरान जो हालात सामने आए, उसके आधार पर वह क्राइम कंट्रोल के लिए जल्द ही थाना प्रभारियों की मीटिंग लेकर उन्हें दिशा-निर्देश देंगे।

एसपी जाट शनिवार शाम को साइकिल पर घर से सादे वस्त्रों में रवाना हुए। वह सिविल लाइन से रोडवेज बस स्टेंड, आगरा गेट चौराहा, गोल प्याऊ, चूड़ी बाजार, स्टेशन रोड, पड़ाव, केसरगंज, जीसीए चौराहा, हजारी बाग, पहाड़गंज, भगवान गंज, सांसी बस्ती अजयनगर, लुहार बस्ती, चन्द्रवरदाई नगर, रामगंज थाने, सुभाष नगर चौराहा, डीएवी कॉलेज मार्ग, रामगंज, जीसीए चौराहे से मार्टिण्डलविज, श्रीनगर रोड, राजा साइकिल चौराह, सीआरपीएफ ओवर ब्रिज, कुन्दन नगर चौराह, कोर्ट तिराहा, सिविल लाइन होते हुए वापस रात करीब 9 बजे अपने आवास पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने करीब 25 से 30 किलोमीटर साइकिल चलाई।

कई जगह नहीं पहचानी पुलिस

एसपी जाट जब चौराहों से साइकिल पर होकर गुजरे तो वहां खड़ा पुलिस जाब्ता भी उन्हें पहचान नहीं पाया। एसपी जाट भी सामान्य व्यक्ति की तरह सब कुछ देखते हुए निकल गए। अजयनगर क्षेत्र में रुक कर उन्होंने जैसे ही जाब्ते से बातचीत की तो एएसआई उन्हें पहचान गया। इस पर जाब्ता अलर्ट हो गया। एसपी जाट को साइकिल पर देख सभी हैरान रह गए। उसके बाद उन्होंने अजयनगर क्षेत्र स्थित कांच के मंदिर पर लगे महाशिवरात्रि मेले को भी देखा। वहां कानून व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही मंदिर में भी दर्शन किए।

रामगंज थाने में स्टाफ से बात की

एसपी जाट रामगंज थाने में भी पहुंच गए। जहां पर उन्होंने थाना स्टाफ से बात की। कामकाज के सम्बन्ध में पूछताछ की। उनके कार्य में आने वाली समस्या के बारे में जानने की कोशिश की। सभी को पुलिस प्राथमिकताओं के तहत काम करने के निर्देश दिए।

थड़ियों पर बैठने वालों से होगी पूछताछ

एसपी जाट क्राइम कन्ट्रोल के लिए जल्द ही थानाधिकारियों की बैठक कर उनसे भी सुझाव लेंगे। साथ ही खुद भी सुझाव देंगे। साइकिल गश्त के दौरान उन्होंने कई जगह युवकों का जमघट लगा हुआ देखा था। अब ऐसे स्थानों पर पुलिस लगातार लोगों की आईडी चेक करेगी। संदिग्ध दिखने वालों से पूछताछ में संतुष्ट होने पर ही उन्हें छोड़ा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.