April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

मां ने किराएदारों के साथ मिलकर बेटे को मार डाला, हादसा दिखाने के लिए हाईवे पर फेंका शव

मां ने किराएदारों के साथ मिलकर बेटे को मार डाला, हादसा दिखाने के लिए हाईवे पर फेंका शव

एनसीआई@जयपुर

अपने शराबी बेटे की हरकतों से बेइंतहा परेशान हो चुकी मां ने शनिवार रात उसकी हत्या कर दी। किराएदारों के साथ मिलकर एक फेक्ट्री में उसे मार डाला। इसके बाद करीब 3 किलोमीटर दूर शव को हाईवे पर हादसा दिखाने के लिए फेंक दिया।

आमेर गश्ती दल को देर रात हाईवे पर युवक की लाश पड़ी मिली। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से सबूत जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए आमेर सीएचसी भिजवाया। रविवार सुबह मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के छोटे भाई की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हत्या के आरोप में मां को हिरासत में ले कर पूछताछ कर रही है।

एडिशनल डीसीपी (नार्थ-1) सुमन चौधरी ने बताया कि शनिवार रात आमेर थाना पुलिस हाईवे पर गश्त कर रही थी। रात करीब सवा एक बजे दिल्ली हाईवे पर राजस्थली रिसोर्ट के पास एक युवक का शव पड़ा मिला। इस पर मौका मुआवना किया गया। पुलिस को जांच प्रथमदृष्टया युवक की हत्या कर शव को फेंकने का पता चला। मृतक की पहचान कमलेश अटल (35) निवासी कुंडा कुकस के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी आमेर भिजवाया। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर मौके से सबूत जुटाए।

शराबी बेटे से मां थी परेशान

पुलिस की प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया है कि कमलेश अटल इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। करंट लगने से वह छत से नीचे गिर गया था। इससे उसकी कमर से नीचे का हिस्सा पैरालाइज था। करीब 3 साल पहले उसकी पत्नी ने भी आत्महत्या कर ली थी। वह अपनी मां, बहन-भाई और बेटा-बेटी के साथ यहां रहता था। शराबी बेटे कमलेश की हरकतों से उसकी मां काफी परेशान थी। वह शराब पीकर मां-बहन को परेशान करने के साथ कई बार गंदी हरकतें कर चुका था।

हत्या कर फेंका शव

एडिशनल डीसीपी (नार्थ-1) सुमन चौधरी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि कुंडा के पास स्थित एक फेक्ट्री में मां ने किराएदारों के साथ मिलकर बेटे कमलेश की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद शव को 3 किलोमीटर दूर हाईवे पर रोड किनारे फेंक दिया। पुलिस जांच में हत्या में मां के शामिल होने का पता चलने पर उसे हिरासत में ले लिया गया है। अब हत्या की साजिश में शामिल फरार किराएदारों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.