राजधानी की सड़कों पर लड़कियों का खड़े रहना भी मुहाल, राज्य की कानून-व्यवस्था का आईना है यह
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान भर में इन दिनों अपराधों की जैसे बाढ़ सी आई हुई है। चोरी-चकारी, लूटपाट से लेकर हत्याओं के मामले भी इनमें शामिल हैं तो बालिकाएं-युवतियां-महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं। आए दिन हर तरह के अपराधों के दिल दहला देने वाले मामले सामने आ रहे हैं। अब ऐसा ही एक बड़ा मामला जयपुर में सामने आया है।
इससे एक बार फिर साबित हो गया है कि राजधानी की सड़कों पर ही जब यह हाल है, बदमाश इतने बेखौफ हैं, तो राज्य के अन्य भागों के हालात का अंदाजा लगाया जा सकता है।
घटनाक्रम के अनुसार 25 वर्षीय युवती शनिवार रात साढ़े दस बजे करीब एनआरआई चौराहे के पास खड़ी होकर अपने भाई का इंतजार कर रही थी। साथ में भाई का दोस्त भी था। इसी दौरान एक कार में नशे में धुत 6-7 लड़के आए। इन लड़कों ने युवती से छेड़छाड़ की। अश्लील इशारे करते हुए साथ में चलने को कहा। भाई के दोस्त ने विरोध किया तो उससे मारपीट की और उसका मोबाइल छीन कर फेंक दिया। इनके शोर मचाने पर लोगों को आता देख ये बदमाश वहां से भाग छूटे।
इस सम्बन्ध में पुलिस ने बताया कि जगतपुरा रामनगरिया निवासी युवती ने रामनगरिया थाने में कार के रजिस्ट्रेशन नम्बर के आधार पर मामला दर्ज करवाया है। पुलिस अब इन बदमाशों की तलाश कर रही है।
