कोटा के कॉन्स्टेबल ने लिखा- 3 महीने पहले शादी हुई है, छुट्टी नहीं मिली तो पत्नी से रिश्ते में आ जाएगी दरार
एनसीआई@कोटा
यहां के एक पुलिसकर्मी के द्वारा होली पर अनूठे अंदाज में छुट्टी मांगने का मामला सामने आया है। कॉन्स्टेबल ने अपनी 8 दिन की छुट्टी की इस एप्लिकेशन में लिखा कि, अगर छुट्टी नहीं मिली तो भविष्य में पति-पत्नी के रिश्ते में खटास आने की सम्भावना है।
छुट्टी मांगने वाला कॉन्स्टेबल भरतपुर जिले का निवासी है। वर्तमान में वह कोटा पुलिस लाइन में तैनात है। पुलिसकर्मी की 3 महीने पहले ही शादी हुई है। उसकी शादी के बाद होली पहला त्योहार पड़ा है। इस पहले त्योहार पर घर जाने के लिए कॉन्स्टेबल ने छुट्टी मांगी। एप्लिकेशन को स्वीकार करते हुए पुलिस लाइन के संचित निरीक्षक (RI) ने 5 मार्च को 7 दिन की छुट्टी दे दी थी।
प्रार्थना पत्र में यह लिखा
कॉन्स्टेबल ने अपनी छुट्टी की एप्लिकेशन में लिखा- मेरी शादी 3 महीने पहले हुई है। हमारे यहां शादी के बाद पहली बार की होली अपने ससुराल में मनाने की परम्परा है। इसलिए पहली होली मनाने के लिए अपनी पत्नी के साथ ससुराल जाना चाहता हूं। नहीं जाने पर पारिवारिक समस्या उत्पन्न होने की पूरी सम्भावना है।
इस मामले में सिटी एसपी शरद चौधरी का कहना है कि जिस दिन पुलिसकर्मी ने छुट्टी मांगी, उसी दिन उसकी छुट्टी स्वीकृत कर दी गई थी।
