April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने गहलोत पर किया बड़ा हमला, कहा -मुख्यमंत्री बने रहने के लिए वह प्रदेश के टुकड़े तक कर सकते हैं

केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने गहलोत पर किया बड़ा हमला, कहा -मुख्यमंत्री बने रहने के लिए वह प्रदेश के टुकड़े तक कर सकते हैं

एनसीआई@चित्तौड़गढ़

केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि, जिसने उन्हें नए जिले और सम्भाग बनाने की सलाह दी, वह उन्हें मुख्यमंत्री बने रहने के लिए राजस्थान प्रदेश के दो टुकड़े करने को भी कहता तो वह इसकी भी स्वीकृति दे देते। उन्होंने आगे कहा-गहलोत की ओर से बीते साढ़े 4 साल में की गई घोषणाओं को देखा जाए तो केवल 10% घोषणाएं ही पूरी हो सकी हैं। इसलिए जनता अब इस सरकार को घोषणा वीर सरकार मानने लगी है।

केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री शेखावत जौहर मेले में भाग लेने के लिए विश्व प्रसिद्ध चित्तौड़गढ़ दुर्ग पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने शनिवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत की। शेखावत ने कहा कि कुर्सी से चिपके रहने के मोह के चलते पिछले साढ़े 4 सालों में प्रदेश को गहलोत ने बर्बादी की कगार पर पहुंचा दिया है, लेकिन अब उस बर्बादी के ताबूत में अंतिम कील ठोकने का काम सरकार ने कर दिया है। थोथी घोषणाएं की गई हैं, इन्हें धरातल पर कभी लागू नहीं किया जा सकता है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि विधानसभा में खड़े होकर व मीडिया के सामने आकर उन्हीं की पार्टी के विधायक उनकी योजनाओं के बारे में जो रिपोर्ट करते हैं, आप सबको देखना चाहिए। ‌ यही नहीं उनके मंत्री और मंत्रियों से आगे बढ़कर मुख्यमंत्री के सलाहकार, जिन्हें मंत्री का दर्जा प्राप्त है, वह तक इस तरह की बात विधानसभा के पटल पर कह रहे हैं।

हर तरफ गहलोत की विफलताएं

किसी व्यक्ति को सच दिखाने के लिए आईने की आवश्यकता होती है, यहां तो सिक्स डाइमेंशनल आईना लगा हुआ है, जिधर भी घूम कर देखो, अशोक गहलोत की विफलता ही नजर आती है। राजस्थान की जनता, राजस्थान के मतदाता इसे अच्छी तरह समझते होंगे।

केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने आगे कहा कि राजस्थान में जिस तरह के हालात हैं, साढ़े चार साल में यहां की जनता जिस तरह से पीड़ित हुई है, व्यथित हुई है, थोथी घोषणा के आधार पर वाह-वाही लूटने का प्रयास किया गया है, इसका बीजारोपण राजस्थान के किसानों की कर्ज माफी की घोषणा करके किया गया था। तब से लेकर कल जिले बनने की घोषणाओं के धरातल पर उतरने तक का प्रतिशत देखें तो यह 10% से भी कम है। ऐसे में राजस्थान की जनता यह समझ चुकी है कि यह ‘घोषणा वीर’ सरकार है। केवल घोषणाएं करके, लोकलुभावन वायदे करके और उन वादों को तोड़ने वाली सरकार है। राजस्थान की जनता इस सरकार को उखाड़ने का मानस बना चुकी है।

महिलाओं के मामलों तक में असंवेदनशीलता

शेखावत ने गहलोत सरकार पर हमला जारी रखते हुए कहा कि, जिस तरह से लॉ एंड ऑर्डर की हालत है, महिलाओं का बार-बार अपमान हुआ है और इसके बाद सरकार ने जिस तरह से असंवेदनशीलता दिखाई, वह शर्मनाक है। उन्होंने सरकार पर शराब माफिया, बजरी माफिया, खनिज माफिया सहित अन्य माफियाओं को भी संरक्षण देने का आरोप लगाया। साथ ही कांग्रेस पार्टी के विधायकों और कार्यकर्ताओं पर भ्रष्टाचार के नए कीर्तिमान बनाने आदि के आरोप भी लगाए।

मोदी ही होंगे राजस्थान में चेहरा 

वहीं, राजस्थान विधानसभा के आगामी चुनाव को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि हम भारतीय जनता पार्टी के लोग भाग्यशाली हैं कि हमारा नेतृत्व देश ही नहीं, अपितु दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता है। प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से सभी राजनीतिक सोच वाले लोग भी उनके समर्थक हैं। ‌ इसलिए चुनाव में नरेन्द्र मोदी ही हमारा चेहरा होंगे।

इस मौके पर चित्तौड़गढ़ भाजपा जिला अध्यक्ष गौतम दक, सांसद सीपी जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या आदि भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.