सत्र 2023-24 से मिलेगा बूंदी मेडिकल काॅलेज में प्रवेश
एनसीआई@बून्दी
जिले के हिंडोली उपखंड क्षेत्र के तालाब गांव के निकट बन रहे मेडिकल काॅलेज में वर्ष 2023-24 के लिए राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग द्वारा एमबीबीएस के छात्रों के लिए 100 सीटें स्वीकृत कर दी गई हैं। इससे इसी वर्ष जुलाई माह से यहां पर मेडिकल छात्रों की पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग द्वारा एक आदेश जारी कर बूंदी मेडिकल काॅलेज तालाब गांव में इस वर्ष 2023-24 में 100 मेडिकल छात्रों के लिए प्रवेश देने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
युवा मामले, खेल तथा सूचना एवं जनसम्पर्क राज्यमंत्री अशोक चांदना ने कहा कि मेडिकल काॅलेज में दाखिलेे होने से क्षेत्र के युवा अब अपने जिले में ही मेडिकल की पढ़ाई कर सकेंगे। मेडिकल काॅलेज बनने से जिलेवासियों को बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं मिलने के साथ ही रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि यहां पर नियम कायदे अन्य मेडिकल काॅलेज की तरह ही रहेंगे। हिंडोली-नैनवां क्षेत्र के साथ ही यह पूरे जिले के लिए हर्ष की बात है।
