April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

शादी से ठीक पहले माता-पिता, भाई की मौत, बस 100 मीटर तक तीनों को घसीटते ले गई

शादी से ठीक पहले माता-पिता, भाई की मौत, बस 100 मीटर तक तीनों को घसीटते ले गई

एनसीआई@शाहपुरा (भीलवाड़ा)

घर में 2 बेटियों की शादी की तैयारियां चल रहीं थीं। अचानक माता-पिता और भाई की मौत की खबर आई तो कोहराम मच गया। दरअसल बस से कुचलकर तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बस उन्हें करीब 100 मीटर तक घसीटते ले गई। हादसे के बाद बस का ड्राइवर और कंडक्टर भाग गए।

शाहपुरा थानाधिकारी राजकुमार नायक ने बताया कि फकरुद्दीन (45) पुत्र फतेह मोहम्मद सिलावट चित्तौड़गढ़ के भदेसर के रहने वाले थे। वर्तमान में वे भीलवाड़ा स्थित गांधी नगर में परिवार के साथ रहते थे। फकरुदीन की बड़ी बेटी जाहिदा (24) की ननद की मंगलवार को शादी होनी है। इसी शादी समारोह में शामिल होने फकरुद्दीन बेटी के ससुराल बाइक से शाहपुरा जा रहे थे। बाइक पर उनके साथ पत्नी शमीम (34) और बेटा अली (17) भी था।

रोडवेज बस ने चपेट में लिया

मंगलवार सुबह करीब ग्यारह बजे शाहपुरा से करीब 12 किमी दूर मंडल सांगानेर-मेगा हाईवे पर बडेसरा फेक्ट्री के पास रोडवेज बस ने पीछे से बाइक को चपेट में ले लिया। बस तीनों को 100 मीटर दूर तक घसीटते हुए लेकर गई। तीनों की बस के नीचे दब जाने से मौके पर ही मौत हो गई।

उदयपुर जा रही थी बस

रोडवेज बस जयपुर से रवाना होकर शाहपुरा, भीलवाड़ा होते हुए उदयपुर जा रही थी। राहगीरों ने बताया कि ड्राइवर रोडवेज बस को काफी तेज स्पीड में चला रहा था। शाहपुरा और भीलवाड़ा के बीच प्राइवेट और रोडवेज बसों के बीच सवारियां लेने की होड़ लगी रहती है।

12 मई को थी दो बेटियों की शादी

फकरुद्दीन के दो बेटे और तीन बेटियां हैं। बड़ा बेटा राजू उर्फ अनीस (22) और छोटा बेटा अली (17)। अली की हादसे में मौत हो गई। बड़ी बेटी जाहिदा (24) की शादी शाहपुरा में हो चुकी है। दो बेटियां तैयाबा (22) और साहिबा (19) की 12 मई को शादी होने वाली थी।

जेसीबी से बस को ऊपर उठाकर शव निकाला

हादसे की सूचना पर एएसपी चंचल मिश्रा, थाना अधिकारी राजकुमार नायक फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में फुलिया खुर्द सरपंच कालूराम जाट, ढिकोला के पूर्व सरपंच गणपत खटीक भी हॉस्पिटल पहुंच गए थे। जेसीबी से बस को ऊपर करवाकर शवों को निकाला गया। शवों को शाहपुरा जिला हॉस्पिटल में रखवाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.