हौसलों की मिसाल: एशियन गोल्ड मेडलिस्ट वेटलिफ्टर शोभा माथुर को कायस्थ समाज ने किया सम्मानित
एनसीआई@कोटा
केरल के अलापूझा में आयोजित एशियन पावर वेट लिफ्टिंग चेम्पियनशिप में 63 से 69 किलोग्राम वर्ग की मास्टर 2 केटेगरी में गोल्ड मेडल जीतकर भारत को गौरवान्वित करने वाली कोटा निवासी शोभा माथुर को अखिल भारतीय कायस्थ महासभा कोटा की ओर से सम्मानित किया गया।

महावीर नगर, विस्तार योजना में स्थित एलबीएस केम्पस में आयोजित सम्मान समारोह में एशियन गोल्ड मेडलिस्ट शोभा माथुर को सम्मानित करने वालों में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं महासभा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक कुलदीप माथुर व जिला अध्यक्ष नितिन भटनागर सहित कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। शोभा माथुर ने इस प्रतियोगिता में कुल 260 किलो वजन उठाकर यह शानदार उपलब्धि हासिल की थी। 1 से 6 मई तक आयोजित हुई इस एशियन पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में भारत के अलावा हांगकांग, इंडोनेशिया, ईरान, कजाकिस्तान, फिलीपींस, उज्बेकिस्तान, ओमान, मंगोलिया सहित 11 देशों की 250 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। शोभा माथुर ने इन सबको शिकस्त दी।
शोभा माथुर ने यह दिया मंत्र
इस दौरान शोभा माथुर ने अपने जीवन पर प्रकाश डालते हुए अपनी गम्भीर बीमारी को हरा कर इस मुकाम तक पहुंचने तक के सफर की जानकारी भी दी। उन्होने अपने खेल की शुरुआत कोटा से ही की थी। इसके बाद पिलानी, चित्तौड़, उदयपुर आदि जिलों में भी इस पर हाथ आजमाया। शोभा ने यह भी बताया कि वेटलिफ्टिंग के कारण ही वह अपनी ब्लड प्रेशर जैसी बड़ी बीमारी तक से निजात पा सकी हैं। इसी के चलते उन्हें दवाओं से छुटकारा मिला। इस प्रकार उन्होंने अपने स्वास्थ्य का मंत्र भी बताया।
सभी को प्रेरणा लेने की जरूरत: कुलदीप माथुर
इस सम्मान समारोह को सम्बोधित करते हुए महासभा के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप माथुर ने कहा कि शोभा माथुर से समाज के अन्य लोगों को विशेषकर बालिकाओं और महिलाओं को प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। कुलदीप माथुर ने शोभा को साफा, शॉल व प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।
ये भी रहे मौजूद
महासभा के जिला महामंत्री कमल कुलश्रेष्ठ ने बताया कि इस सम्मान समारोह में जिला अध्यक्ष नितिन भटनागर, युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री मयूर सक्सेना, किशोर माथुर, रविन्द्र श्रीवास्तव, प्रदीप कांत भटनागर, सुदर्शन माथुर, योगेन्द्र माथुर, शुभम सक्सेना,अनीता माथुर, डॉ. शिल्पा माथुर, नैना सक्सेना, वंदना सक्सेना, अक्षिता सक्सेना आदि भी मौजूद रहे।
इस प्रेरक इतिहास पर डालें नजर
•राजस्थान की महिला पावर लिफ्टर से पहचान बना चुकी शोभा माथुर ने सिर्फ 2 महीने के अभ्यास से 11 जुलाई 2022 को नेशनल पावर लिफ्टिंग में हैदराबाद में आयोजित प्रतियोगिता में 4 गोल्ड मेडल जीतकर रिकॉर्ड बनाया था। शोभा ने यह उपलब्धि मास्टर केटेगरी में 63 से 69 किलो वर्ग में 262.500 किलो वजन उठाकर हासिल की थी। हैदराबाद स्थिति कोटला विजया भास्कर रेड्डी स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय पावर लिफ्टिंग चेम्पियनशिप प्रतियोगिता के मेडल सेरेमनी में जब शोभा को एक के बाद एक चार गोल्ड मेडल दिए गए तो हॉल तालियों से गूंज उठा था।
•इससे पहले सितम्बर 2021 में शोभा माथुर ने चित्तौडगढ़ में राज्य स्तरीय बेंच प्रेस पावर लिफ्टिंग में रजत पदक हासिल किया था।
•दिसम्बर 2021 को उदयपुर में राज्य स्तरीय पावर लिफ्टिंग में उन्होंने 220 किलो वजन उठाया और गोल्ड हासिल किया।
•भरतपुर में मई 2022 में हुई प्रतियोगिता में 257.500 किलो वजन उठाकर गोल्ड मेडल हासिल किया।
विपरीत परिस्थितियों में हिम्मत नहीं हारी
सरकारी शिक्षक शोभा दो बड़े बच्चों की मां हैं। करीब 5 साल पहले उनके पति धर्मेन्द्र माथुर का हार्ट अटेक से निधन हो गया था। इससे वह सीरियल डिप्रेशन में चली गईं थीं। लम्बे इलाज के दौरान डॉक्टर्स ने इस स्थिति से उबरने के लिए अपने शौक में व्यस्त होने की हिदायत दी थी। बचपन से ही उन्हें खेलकूद, वेटलिफ्टिंग, वर्क आउट का शौक था। इस पर उनकी बेटी ही उन्हें सबसे पहले जिम लेकर गईं। वहां कुछ ही दिनों में उनकी स्थिति में सुधार होने लगा। कुछ महीनों में तो वह पूरी तरह स्वस्थ हो गईं। इसके बाद उन्होंने कड़ा अभ्यास किया और सफलताओं पर सफलताएं हासिल करती गईं। उन्होंने दुनिया को बता दिया कि जब हौंसला हो तो उम्र कभी बाधा नहीं बनती।
