वोट देने नहीं जाने वाले मतदाताओं के मुंह पर तमाचा, यहां तो अंतिम संस्कार के बाद वोटिंग करने पहुंचा पूरा परिवार
एनसीआई@बांसवाड़ा
जिले के घाटोल विधानसभा क्षेत्र में भूंगड़ा पोलिंग स्टेशन पर अनोखा नजारा देखने को मिला। दरअसल, ग्रामीण 65 वर्षीय गणपत पुत्र जीवा की अचानक मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने उसका दाह संस्कार किया। फिर सारे विधि-विधान पूरे करने के बाद मृतक के सभी परिजन मतदान करने बूथ पर पहुंचे। यहां तक की मृतक की पत्नी और बेटों ने भी वोट डाले।
यह प्रसंग उन मतदाताओं के मुंह पर तमाचा है, जो मतदान के दिन के अवकाश का उपयोग पिकनिक-पार्टी मनाने में, घूमने-फिरने में करते हैं, मगर वोट डालने नहीं जाते। और तो और कई मतदाता तो बेवजह पूरा दिन घर बैठकर गुजार देते हैं, मगर थोड़ी दूरी पर स्थित पोलिंग बूथ पर नहीं जाते हैं। जबकि उन्हें वोट देने रोज-रोज तो जाना नहीं होता है।
