जन संघर्ष यात्रा का दूसरा दिन: सचिन पायलट बोले-मैं वह कर रहा हूं, जो मुझे ठीक लगता है
सचिन पायलट की पांच दिन की जन संघर्ष यात्रा का शुक्रवार को दूसरा दिन है। उनकी पदयात्रा किशनगढ़ पहुंची। सचिन पायलट ने इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का नाम लिए बगैर उन पर हमला बोला। पायलट ने कहा कि भयंकर गर्मी में भी लोग जरूरी मुद्दों के लिए सड़कों पर उतरकर साथ आ रहे हैं।
एनसीआई@अजमेर
राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पहले सचिन पायलट की जन संघर्ष यात्रा से सियासी गलियारों में खासी हलचल है। शुक्रवार को पायलट की यात्रा का दूसरा दिन है। यात्रा अजमेर से शुरू होकर राजधानी जयपुर में खत्म होगी। इससे पहले दूसरे दिन उनकी पदयात्रा किशनगढ़ पहुंची और यहां से अपने समर्थकों के साथ वह आगे की ओर बढ़े। इस दौरान वह लगातार सरकार और सीएम अशोक गहलोत को घेरते नजर आ रहे है।
सचिन पायलट ने कहा कि भयंकर गर्मी में भी लोग जरूरी मुद्दों के लिए सड़कों पर उतरकर साथ आ रहे हैं। मीडिया से बातचीत में पायलट ने कहा कि नौजवानों के भविष्य, भ्रष्टाचार के मुद्दे ये सभी प्रासंगिक हैं और ये हम सभी पर असर डालते हैं। इसे लेकर हम लगातार आवाज उठाते आ रहे हैं और लड़ाई लड़ रहे हैं।
Related News –
पायलट की चुनौती से निपटने के लिए राजस्थान कांग्रेस के बड़े नेताओं की दिल्ली में हुई बैठक
गहलोत सरकार को लेकर कही यह बात
पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार है। मुझे उम्मीद है कि मैंने जो बात रखी है, उसका संज्ञान लिया जाएगा। जन संघर्ष यात्रा के जरिये जनता की आवाज सुनकर, जनता की आवाज बनने का हमारा प्रयास है। जनता की आवाज बनने का काम हम आज से नहीं बल्कि बहुत पहले से करते आ रहे हैं।
पेपर लीक मामले पर बोले पायलट
पेपर लीक मामले पर बोलते हुए पायलट ने कहा कि जांच से पहले ही बता दिया कि कोई नेता इसमें इंवॉल्व नहीं है। कोई अधिकारी इस पूरे मामले में शामिल नहीं है। बड़ा सवाल यह है कि जब तक जांच न हो, तब तक यह कैसे कह सकते हैं?हमारी पार्टी ही कहती है कि हम नौजवानों को प्राथमिकता देंगे। करप्शन नहीं करेंगे और फिर ऐसे मामले सामने आते हैं। इसके बाद पायलट ने बोला कि मैं वह कर रहा हूं, जो मुझे ठीक लगता है। मुझे लगा जनता के बीच जाना चाहिए, जनता की आवाज बननी चाहिए, तो मैं उनके बीच आया हूं।
