पीएम मोदी के आज अजमेर दौरे के ये हैं मायने, जानिए सम्भाग की चौसर, कितनी सीटों पर असर डालेगा यह दौरा…..
पीएम नरेन्द्र मोदी आज 31 मई को अजमेर आएंगे। अजमेर में रैली के बहाने पीएम 29 सीटों को सीधे तौर पर साधेंगे। अजमेर से जुड़ी जयपुर जिले की कुछ सीटों पर भी यह रैली असर डालेगी।
एनसीआई@अजमेर
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज 31 मई को अजमेर में जनसभा को सम्बोधित करेंगे। इसके साथ ही वो दिसम्बर में होने वाले विधानसभा चुनावों का बिगुल भी फूंक देंगे। पीएम के दौरे को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। अजमेर के कायड़ विश्राम स्थली में होने वाली जनसभा को लेकर बीजेपी पिछले एक सप्ताह से भीड़ जुटाने के लिए मेहनत कर रही है। पीएम मोदी की इस रैली में भारी भीड़ जुटने की उम्मीद भी है।
पीएम मोदी की इस रैली में ‘सम्पर्क से समर्थन’ कार्यक्रम की शुरुआत भी होगी। राजनीतिक मायनों में पीएम मोदी का यह दौरा आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अहम माना जा रहा है। वर्तमान में अजमेर संभाग की 29 विधानसभा सीटों में भाजपा के पास महज 13 सीटें हैं। कांग्रेस भी भाजपा के बराबर 13 सीटों पर काबिज है। भाजपा की कोशिश रहेगी कि अजमेर संभाग में 2013 के विधानसभा चुनावों की तरह क्लीन स्वीप करे। 2013 विधानसभा चुनावों में भाजपा ने यहां 27 सीटें हासिल की थी। कांग्रेस के पास सिर्फ एक सीट थी। वहीं खींवसर की एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार हनुमान बेनीवाल जीते थे।
अजमेर सम्भाग की 29 सीटों पर सीधा असर
इसके बाद हुए उपचुनावों में मांडलगढ़ और नसीराबाद सीट जीतकर कांग्रेस अजमेर संभाग में कुल तीन सीटों पर काबिज हुई थी। इसके बाद हुए 2018 विधानसभा चुनावों में भाजपा को नुकसान हुआ। वहीं कांग्रेस को बड़ी संख्या में फायदा हुआ था। 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा नागौर और टोंक जिलों में बुरी तरह से पिछड़ गई थी। अब पीएम मोदी अजमेर में रैली के बहाने 29 सीटों को सीधे तौर पर साधेंगे। वहीं अजमेर से जुड़ी जयपुर जिले की कुछ सीटों पर भी यह रैली असर डालेगी।
वर्तमान में अजमेर सम्भाग में यह स्थिति
अजमेर जिले की आठ विधानसभा सीटों में स भाजपा पांच और कांग्रेस दो सीटों पर काबिज है। वहीं एक सीट पर निर्दलीय काबिज है। वहीं, नागौर जिले में छह सीटों पर कांग्रेस और दो सीटों पर भाजपा का कब्जा है। यहां दो सीटें आरएलपी के पास हैं। दूसरी ओर टोंक जिले की चार विधानसभा सीटों में से एक भाजपा और तीन सीट पर कांग्रेस है। भीलवाड़ा जिले की सात सीटों में भाजपा के पास पांच और कांग्रेस के पास दो सीटे हैं। वर्तमान में अजमेर सम्भाग की 29 सीटों में भाजपा और कांग्रेस दोनों के पास 13-13 विधानसभा सीटें हैं।
पिछले पांच महीने में पीएम मोदी का चौथा दौरा
पिछले पांच महीनों में प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान के तीन दौरे किए हैं। 28 जनवरी को भीलवाड़ा के आसींद में देवनारायण जयंती समारोह में शिरकत की थी। इस दौरे के बहाने पीएम ने गुर्जर बाहुल्य वोटों को साधने की कोशिश की थी। उसके बाद 12 फरवरी को दौसा में दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस -वे का शुभारम्भ किया। 12 मई को नाथद्वारा और आबूरोड में जनसभा को सम्बोधित किया। वहीं अब 31 मई को अजमेर दौरे से पीएम मोदी की राजस्थान के विधानसभा चुनावों में सीधी एंट्री मानी जा रही है।
