राजस्थान: बारां कांग्रेस शहर अध्यक्ष गौरव शर्मा को दिनदहाड़े सिर में गोली मारी, हालत नाजुक
राजस्थान के कोटा संभाग के बारां शहर अध्यक्ष गौरव शर्मा को बुधवार को दिनदहाड़े सरेराह गोली मार दी गई। गोली सीधे शर्मा के सिर में लगी है। इससे उनकी हालत काफी नाजुक बनी हुई है। शर्मा को कोटा रेफर किया गया है। एसपी राजकुमार चौधरी ने बताया की फिलहाल इस मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है।
एनसीआई@बारां
राजस्थान के बारां शहर के तलावड़ा रोड पर बदमाशों ने कांग्रेस के नगर अध्यक्ष एवं पूर्व सभापति गौरव शर्मा को गोली मार दी। इस वारदात से शहर में सनसनी फैल गई। मौके से गुजर रहे लोगों ने लहूलुहान हालत में गम्भीर घायल नगर अध्यक्ष गौरव शर्मा को निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक चिकित्सा के बाद उन्हें कोटा रेफर कर दिया गया। शर्मा की हालत नाजुक बताई जा रही है। वारदात के बाद पुलिस ने मौका मुआयना किया। पुलिस अधीक्षक राजकुमार चौधरी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिनेन्द्र जैन सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
एसपी राजकुमार चौधरी ने बताया कि नगर कांग्रेस अध्यक्ष गौरव शर्मा बुधवार को तलावड़ा रोड स्थित निजी जगह पर बैठे हुए थे। वहां कुछ अज्ञात हमलावरों ने पुरानी रंजिश को लेकर उन पर फायर दिया। प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि मौके से एक व्यक्ति गुजर रहा था। उसने शर्मा को लहूलुहान हालत में पड़ा देखकर अन्य परिचितों को जानकारी दी। इस पर लोग वहां पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस अपने स्तर पर जांच में जुटी है
लोगों ने घायल नगर अध्यक्ष को अस्पताल पहुंचाया। वहां उनके परिजनों, परिचितों और समर्थकों की भीड़ लग गई। बारां के निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तत्काल कोटा रेफर कर दिया गया। एसपी चौधरी ने बताया की फिलहाल घटना को लेकर कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस मामले को गम्भीरता से लेते हुए अपने स्तर पर जांच में जुटी है।
प्रॉपर्टी के विवाद को लेकर हमले की आशंका
पुलिस के मुताबिक सम्भवतया किसी प्रॉपर्टी के विवाद को लेकर रंजिश के चलते हमला किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग अलग टीमें गठित कर भेजी गई हैं। संदिग्ध व्यक्तियों से भी पूछताछ की जा रही है। वारदात के बाद बारां शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
.
