वसुंधरा राजे का भाषण नहीं होने पर गृह मंत्री अमित शाह ने टोका और खुद से पहले दिया मौका
एनसीआई@उदयपुर
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उदयपुर में जनसभा से जुड़ा एक वीडियो सुर्खियों में है। इसमें वह नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ को इशारा कर रहे हैं और वसुंधरा राजे के भाषण के लिए कह रहे हैं। गृह मंत्री के कहने पर वसुंधरा ने भाषण दिया। उधर, अमित शाह ने अपने भाषण में राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला और कहा कि गहलोत सरकार भ्रष्टाचार करने में नम्बर-1 पर है।
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह उदयपुर के दौरे पर हैं। यहां उनकी सभा से जुड़ा एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इसमें वो नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ को इशारा कर वसुंधरा राजे के भाषण के लिए कहते दिख रहे हैं। गृह मंत्री के कहने पर वसुंधरा ने भाषण दिया और गहलोत सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये सरकार खुद का उत्थान करने में लगी है।

दरअसल, सभा में राजेन्द्र राठौड़ ने भाषण देने के लिए गृह मंत्री का नाम पुकारा था। इस दौरान उन्होंने शाह के स्वागत के लिए मंच से नारे भी लगवाने शुरू कर दिए। इसी बीच मंच पर बैठे शाह ने वसुंधरा राजे से हाथ जोड़कर सम्बोधन के लिए कहा। इसके बाद वसुंधरा ने भाषण दिया। राजे से पहले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने भाषण दिया था।
‘गहलोत जी ने जितने वादे किए थे, सब तोड़ दिए’
उधर, अमित शाह ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि गहलोत सरकार भ्रष्टाचार करने में नम्बर-1 पर है। आज आपको हिसाब मांगने का मौका है कि राजस्थान सचिवालय के अंदर मिला दो करोड़ रुपया और एक किलो सोना किसका है? इस सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ने का काम किया है। गहलोत जी ने जितने वादे किए थे, वो सब तोड़ दिए हैं।
