सचिन पायलट ने दिया बड़ा बयान, हो गईं राजनीतिक सरगर्मियां तेज, सामने आने लगी मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
एनसीआई@जयपुर/नई दिल्ली
राजस्थान कांग्रेस के नजरिए से अच्छी खबर आई है। कांग्रेस आलाकमान ने आज गुरुवार को दिल्ली में राजस्थान कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक की थी। इसमें मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के साथ कांग्रेस आलाकमान के बड़े नेता शामिल हुए थे। बैठक के बाद सचिन पायलट ने बड़ा बयान दिया है।

सचिन पायलट ने बैठक के बाद कहा कि ‘आज राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस आलाकमान के साथ बैठक हुई थी। इसमें आने वाले चुनाव को लेकर रणनीति बनी है। पिछले 25 साल से राजस्थान में एक बार कांग्रेस और एक बार भाजपा का पेटर्न चल रहा था, लेकिन इस बार हमें सरकार रिपीट करने पर चर्चा हुई है। हमने बैठक में राजस्थान के अहम मुद्दों पर चर्चा की है। चुनाव में हम सब मिलकर काम करेंगे।’
मेरी मांगें मानी गईं
सचिन पायलट ने कहा कि ‘मैंने राजस्थान के लिए जो मांगे उठाई थीं, उन सभी मांगों पर कांग्रेस कमेटी ने संज्ञान लिया है। मेरी मांगें मानी गई हैं। मुझे इस बात की खुशी है कि जल्द ही इन मांगों पर उचित दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बीजेपी के कार्यकाल में जो भ्रष्टाचार हुए हैं, उस पर सरकार कार्रवाई करेगी।’

जो जिम्मेदारी मिलेगी निभाऊंगा
सचिन पायलट ने कहा कि ‘कांग्रेस पार्टी ने अभी तक उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी है, उसे वह पूरी निष्ठा के साथ निभाते आए हैं। खास बात यह है कि आगे भी उन्हें पार्टी में जो भी जिम्मेदारी मिलेगी उसे भी आगे निभाऊंगा।’ सचिन के इस बयान से यह बात साफ होती नजर आ रही है कि अब राजस्थान में कांग्रेस चुनावी तैयारियों में जुट गई है।

सचिन पायलट के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का दौर जारी हो गया है। इस मसले पर कांग्रेस के ही कुछ कार्यकर्ता यह कहते नजर आ रहे हैं कि सचिन पायलट के पास इसके अलावा और कोई चारा नहीं था, क्योंकि उनकी कोई हैसियत नहीं है। कुछ ही लोग ऐसे हैं जो इस बयान पर सचिन पायलट का स्वागत करते नजर आ रहे हैं। वहीं अभी तक सचिन पायलट के समर्थक इस मुद्दे पर तकरीबन खामोश ही नजर आ रहे हैं।
