July 13, 2026

News Chakra India

Never Compromise

केडीए का विरोध, ‘बूंदी विकास प्राधिकरण का हो गठन’: कांग्रेस प्रदेश सचिव शिव मीना

केडीए का विरोध, ‘बूंदी विकास प्राधिकरण का हो गठन’: कांग्रेस प्रदेश सचिव शिव मीना

एनसीआई@बूंदी

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त सचिव शिव प्रसाद मीना ने कोटा विकास प्राधिकरण की परिधि में बूंदी जिले के 63 गांवों को शामिल करने का विरोध जताया। उन्होंने कहा कि पहले भी बूंदी जिले के 13 गांवों को कोटा में शामिल कर लिया गया था। मीना ने कहा-बूंदी मेरी मातृभूमि है, इस लिहाज से कहूंगा कि यह सही नहीं है। गुरुवार को एक पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।

कांग्रेस प्रदेश सचिव शिव प्रसाद मीना ने इसी मुद्दे पर आगे कहा-सरकार को अपनी विकास की परिभाषा को थोड़ा बदलते हुए बूंदी, केशवरायपाटन व तालेड़ा तहसील के इन गांवों के समुचित विकास के लिए अलग से ‘बूंदी विकास प्राधिकरण’ का गठन कर देना चाहिए। इस मसले के समाधान के लिए वह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मिलकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मिलने के लिए समय लेने का प्रयास करेंगे। ‌मुख्यमंत्री गहलोत से मिलकर उनके सामने इस मुद्दे पर बूंदी जिले के लोगों की भावनाओं को रखेंगे। मीना ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री गहलोत संवेदनशील होने के कारण इस समस्या का समाधान जरूर करेंगे।

सांचौर और रानीवाड़ा में निभाऊंगा जिम्मेदारी

एक अन्य सवाल के जवाब में शिव प्रसाद मीना ने कहा कि अभी तो मुझे जालौर जिले की रानीवाड़ा और सांचौर विधानसभा सीटों का प्रभारी बनाया गया है। वहां के कार्यकर्ताओं को समय दूंगा, नए कार्यकर्ताओं से मिलूंगा तथा और भी नए कार्यकर्ताओं को जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने इस कार्यकाल के अलावा पिछले कार्यकाल में भी कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की थीं। इन्हें देश के कई राज्यों के अलावा केन्द्र सरकार ने भी लागू किया था। इन योजनाओं के बारे में भी संगठन के लोगों से बात की जाएगी। ‌ संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करने के लिए काम करूंगा।

टिकट की दावेदारी के सवाल पर यह कहा

आगे मीना से जब यह पूछा गया कि क्या वे आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट के लिए अपनी दावेदारी जताएंगे, इस सवाल को तकरीबन टालते हुए उन्होंने कहा -अभी तो मुझे जो जिम्मेदारी मिली है उसे ही पूरी ईमानदारी और मन से निभाऊंगा। इसके आगे भी संगठन मुझे जो जिम्मेदारी देगा उसे भी इसी प्रकार पूरा करूंगा।

यह भी जानें शिव मीना के बारे में

उल्लेखनीय है कि शिव प्रसाद मीना बूंदी जिले के प्रसिद्ध व्यवसाई हैं। अपने मधुर व्यवहार के कारण उनकी अलग ही पहचान है। इसके अलावा वह कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं वर्तमान में पीपल्दा विधायक रामनारायण मीना के पुत्र हैं। कांग्रेस के प्रदेश सचिव बनने के पहले तक आम धारणा यह रही है कि शिव मीना को राजनीति में रूचि नहीं है, वह केवल अपने व्यवसाय में ही ध्यान देते हैं। मगर उन्हें कांग्रेस संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल जाने से, उनके समर्थकों में खुशी की लहर है।

पत्रकार वार्ता में शिव मीना के साथ वरिष्ठ कांग्रेसी एवं समाजसेवी पुरुषोत्तम पारीक भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.