अजमेर: सेंट्रल यूनिवर्सिटी के सिक्योरिटी ऑफिसर पर लड़कियों के फोटो खींचकर शेयर करने का आरोप, स्टूडेंट्स का हंगामा, वाहन फूंके, धरना दिया
एनसीआई@अजमेर
जिले के किशनगढ़ कस्बे में स्थित सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ राजस्थान में गुरुवार रात एक लड़की का फोटो शेयर किए जाने की जानकारी सामने आने पर स्टूडेंट्स भड़क गए। आरोप है कि यूनिवर्सिटी के सिक्योरिटी ऑफिसर ने ही लड़की का फोटो दूसरे गार्ड के साथ शेयर किया।
इसकी शिकायत करने स्टूडेंट्स कुलपति के घर भी गए, लेकिन जब जवाब नहीं मिला तो हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद भड़के स्टूडेंट्स ने केम्पस में खड़ी एक गाड़ी में आग लगा दी और सिक्योरिटी ऑफिसर के केबिन में भी तोड़फोड़ की।

रात 9 बजे से शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन देर रात करीब 1 बजे तक जारी रहा । स्टूडेंट्स ने सुनवाई नहीं होने पर आज शुक्रवार को वापस आंदोलन की चेतावनी दी। शिकायत के बाद किशनगढ़ पुलिस ने शुक्रवार सुबह आरोपी गार्ड राजपाल रेवाड़ को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि उससे पूछताछ की जा रही है।
लड़कियों के फोटो लेने और नजर रखने का आरोप
स्टूडेंट्स ने बताया कि सिक्योरिटी ऑफिसर ने यूनिवर्सिटी की ही एक लड़की की फोटो ली थी। इसके बाद उसे एक गार्ड के साथ शेयर किया। साथ ही इससे उस लड़की के बारे में पता करने का मैसेज भी लिखा।
यह जानकारी मिलने के बाद से स्टूडेंट्स में गुस्सा है। आक्रोशित स्टूडेंट्स कार्रवाई करने की मांग को लेकर कुलपति के घर पहुंचे थे, लेकिन, जब यहां उन्हें किसी ने कोई जवाब नहीं दिया तो वे भड़क गए। विरोध प्रदर्शन के दौरान स्टूडेंट्स ने एक बोलेरो कार को आग के हवाले कर दिया।

लड़कियां बोलीं- जो उसे पसंद आ जाती है उसकी फोटो खींचता है
धरने पर बैठे स्टूडेंट्स ने गम्भीर आरोप लगाए। एक लड़की ने बताया कि हमारे यहां बहुत बुरा हो रहा है। यहां के सिक्योरिटी ऑफिसर की हरकतें सही नहीं हैं। शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं होती है। उसे जो लड़की अच्छी लगती है, वह उसकी फोटो खींचता है और उसके बारे में पता करवाता है। आरोप है कि आरोपी गार्ड ने लड़कियों पर नजर रखने के लिए अलग से कैमरे भी लगा रखे हैं। जिस लड़की ने ये आरोप लगाए उसका कहना है कि उसने मेरे ऊपर भी नजर रखी और फोटो खींची।

इस स्टूडेंट ने यूनिवर्सिटी की महिला गार्ड पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि जब हमें पता चला तो गार्ड दीदी का फोन जबरन लिया तो उनके फोन में भी वो फोटो थी पूछने पर उन्होंने सब कुछ कबूल भी कर लिया। हमने पहले भी आरोप लगाए, लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया गया। स्टूडेंट्स का कहना है कि आरोपी गार्ड उन्हें ब्लैकमेल करता है और अब उसका यहां से सस्पेंशन चाहिए।
वहीं, एक अन्य स्टूडेंट का कहना है कि इसकी शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। ये सभी डिवाइस एफएसएल टीम को भेजी जाए। मामले की पूरी निष्पक्ष जांच भी होनी चाहिए। इससे पहले भी सलोनी नाम की एक स्टूडेंट ने सुसाइड किया था। उस मामले की भी जांच होनी चाहिए।
स्टूडेंट्स शिकायत देंगी तो कार्रवाई होगी: एसपी
मौके पर पहुंचे अजमेर एसपी चूनाराम जाट ने बताया- सिक्योरिटी ऑफिसर की शिकायत मिली थी कि वह लड़कियों के फोटो खींचता है। एडिशनल एसपी व सीओ ने मौका मुआयना किया। इस दौरान वीसी ने एक इंटरनल कमेटी का गठन किया है। अगर स्टूडेंट्स पुलिस को शिकायत देती हैं तो पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी।
