अलवर में मॉब लिंचिंग: लकड़ी काटने गए तीन युवकों को भीड़ ने घेरकर पीटा, एक की मौत
एनसीआई@अलवर
राजस्थान के अलवर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां के बानसूर कस्बे में लकड़ी काटने गए तीन मुस्लिम युवकों को भीड़ ने घेर कर पिटाई की। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गम्भीर घायल हो गए। यह मामला गुरुवार रात का है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। एफएसएल की टीम मौके पर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
मृतक के दादा अब्दुल हई ने बताया कि वसीम पेड़ों की खरीददारी करता था और उसे बेचता था। दो दिन पहले रामपुर में उसने पेड़ खरीदे थे और उसकी कटाई करने आसिफ और फिरोज के साथ रामपुर गया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने कहा कि वन विभाग की टीम चक्कर लगा रही है, अब पेड़ मत काटो। इस पर ये लोग वापस अपने घर लौट रहे थे।
जेसीबी लगाकर रुकवा ली गाड़ी
इसके बाद वन विभाग की गाड़ी इनके पीछे लग गई और नारोल के पास आगे जेसीबी लगवाकर रुकवा लिया। इसके बाद वन विभाग की गाड़ी से 7 से 8 लोगों ने उतर कर लाठी डंडों से मारपीट करनी शुरू कर दी। इसमें तीनों बुरी तरह घायल हो गए। वसीम की छाती पर किसी हथियार से वार कर दिया गया। सूचना पाकर हरसौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को हरसौरा अस्पताल लेकर आए। यहां से वसीम की हालात गम्भीर होने पर उसे कोटपुतली रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में हरसौरा थाने में परिजनों ने 8 से 10 लोगों के खिलाफ़ मामला दर्ज कराया है।
चश्मदीद आसिफ ने यह बताया
घटना के चश्मदीद आसिफ ने बताया कि हम लोग वापस अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान हमारे पीछे वन विभाग की जीप लग गई। जीप में 7-8 लोग मौजूद थे। उन्होंने किसी को फोन कर आगे जेसीबी लगवाकर हमारी पिकअप गाड़ी को रुकवा लिया और हमारे ऊपर हमला कर दिया। कुछ लोग हमें पकड़ कर मारपीट करने लग गए। इससे हम बेहोश हो गए थे।
पुलिस कर रही जांच
एएसपी जगराम मीणा नीमराना ने बताया कि रात को हरसौरा प्रभारी को सूचना मिली थी कि गांव नारोल में कुछ लोगों में आपसी मारपीट हो रही है। पुलिस मौके पर पहुंची तो मारपीट करने वाले फरार हो चुके थे। इस दौरान तीन लोग पुलिस को गम्भीर हालत में मिले, जिसमें से एक की हालत ज्यादा गम्भीर होने पर उसे कोटपूतली रेफर किया गया था। उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
