बूंदी: केसरी दौलत बाग में आज शाम राजसी ठाट बाट से होगा हरियाली तीज समारोह का आयोजन, हर वर्ग की महिलाएं होंगी शामिल
एनसीआई@बूंदी
छोटी काशी बूंदी में वर्षों से चली आ रही परम्पराओं के अनुरूप इस वर्ष भी हरियाली तीज, जिसे बूंदी में छोटी तीज के नाम से जाना जाता है, के उपलक्ष्य में 19 अगस्त, शनिवार को शाम 4 बजे लाइन पुलिस रोड स्थित केसरी दौलत बाग में समारोह आयोजित किया जाएगा।
यह आयोजन रानी रोहिणी कुमारी राजपूत महिला फाउंडेशन की ओर से किया जा रहा है। फाउंडेशन की अध्यक्ष रानी रोहिणी कुमारी व सचिव रीना राणावत ने बताया कि इस अवसर पर महिलाएं तीज माता का भव्य शृंगार कर उनकी पूजा अर्चना करेंगी। इसके पश्चात शाही अंदाज में तीज माता को पालकी में बिठाकर गाजे-बाजे एवं ढोल नगाड़ों व शहनाई वादन के साथ परिसर में शोभा यात्रा निकाली जाएगी। फाउंडेशन की सभी महिला सदस्यों के अलावा बूंदी की हर वर्ग की महिलाएं इस आयोजन में शामिल होंगी। यह आयोजन विशुद्ध रूप से परम्परागत रूप से एवं राजसी ठाट बाट से होगा। हाड़ा एवं राणावत ने बताया कि हमारा प्रयास होगा कि इस आयोजन में बूंदी की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक व धार्मिक विरासत को प्रदर्शित कर युवा महिलाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ा जाएगा। साथ ही उन्हें हमारी पुरानी संस्कृति से भी परिचित कराया जाएगा।
