अपहरण और गैंगरेप के आरोप को गलत बताने वाली भीलवाड़ा पुलिस बुरी तरह घिरी, एक आरोपी के कांग्रेस के बड़े नेताओं के साथ फोटो आए सामने
राज्य मंत्री धीरज गुर्जर के साथ गैंगरेप का आरोपी छोटू।
बीजेपी का आरोप- गैंगरेप का आरोपी कांग्रेस कार्यकर्ता, कहा- जयपुर PHQ ने किया मामला दबाने का प्रयास और ट्वीट किया- महिला मर्जी से गई
एनसीआई@भीलवाड़ा
जिले के गंगापुर में महिला को किडनैप कर गैंगरेप मामले में सनसनीखेज मोड़ सामने आ गया है। भाजपा ने गैंगरेप के आरोपी छोटू सरगरा को कांग्रेस कार्यकर्ता बताते हुए उसके कुछ प्रमुख कांग्रेस नेताओं के साथ खिंचाए हुए फोटो वायरल कर दिए हैं। साथ ही राजस्थान पुलिस और पुलिस हेडक्वार्टर जयपुर पर इस मामले को दबाने के प्रयास के गंभीर आरोप लगाए हैं।
Related News –
निर्वस्त्र मिली महिला के अपहरण और गैंगरेप के मामले में सामने आई यह सनसनीखेज सच्चाई, पुलिस भी रह गई दंग
भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार इस मामले को फर्जी बताने का भरकस प्रयास कर रही है। भाजपा नेताओं ने कहा कि महिला से गैंगरेप के इस गम्भीर मामले में रविवार सुबह से पॉलिटिकल ड्रामा चल रहा है। सबसे पहले पुलिस हेड क्वार्टर जयपुर द्वारा राजस्थान पुलिस के ऑफिशियल ट्वीटर हेंडल से ट्वीट जारी कर इस मामले को फर्जी बता दिया गया।
इस ट्वीट में कहा गया कि भीलवाड़ा में राजस्थान पुलिस की त्वरित जांच ने किया तुरंत खुलासा…महिला ने दो लोगों पर अपहरण व गैंगरेप का लगाया था आरोप…जांच में सामने आया महिला स्वयं गई थी आरोपियों के साथ।
इसी ट्वीट में पुलिस ने लिखा- अपहरण व गैंगरेप की घटना निकली झूठी, पति के डर से गढ़ी थी मनगढ़ंत कहानी। महिला के मोबाइल की कॉल रिकॉर्डिंग से हुआ खुलासा। बाद में पति के डर से बनाई अपहरण व गैंगरेप की कहानी।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा आंदोलन करेंगे
इस मामले के सामने आते ही महिला भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतर पड़ीं। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने इस मामले पर कहा- गंगापुर पुलिस ने महिला से गैंगरेप के जो दो आरोपी पकड़े हैं, उनमें से छोटू सरगरा कांग्रेस का कार्यकर्ता है। छोटू के राज्य मंत्री धीरज गुर्जर, मांडलगढ़ के पूर्व विधायक विवेक धाकड़, सहाड़ा के पूर्व विधायक कैलाश त्रिवेदी व अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ अलग-अलग कार्यक्रम में फोटो हैं।

मेवाड़ा ने यह भी कहा- राज्य सरकार इस मामले को दबाना चाहती है, इसलिए सुबह जयपुर पीएचक्यू ने ट्वीट कर इस मामले को पूरा फर्जी बता दिया। मेवाड़ा ने चेतावनी दी कि अगर सरकार इस मामले में पीड़िता को न्याय नहीं दिलवाती है तो भाजपा आंदोलन करेगी।
प्रशांत मेवाड़ा ने कहा- भीलवाड़ा जिले में पिछले 4 साल से महिलाओं व दलितों पर अत्याचार हो रहे हैं। इसका भाजपा ने बार-बार विरोध जताया है। कुछ समय पहले कोटड़ी में एक नाबालिग के साथ गैंगरेप के बाद उसे जला दिया गया। आज गंगापुर में महिला के साथ गैंगरेप हुआ और उसे निर्वस्त्र कर दिया गया। पुलिस के बयान विरोधाभासी हैं।

इसे लेकर भाजपा की ओर से गंगापुर में सीओ व एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया है। मामले में कांग्रेस कार्यकर्ता का नाम आ रहा है, इसलिए सरकार इस मामले में लीपापोती कर रही है, इससे संदेह है कि पीड़िता पर प्रेशर हो सकता है। प्रियंका गांधी आज टोंक में आई हुई हैं, लेकिन पीड़िता से मिलने नहीं आ रहीं।
प्रशांत मेवाड़ा ने आगे कहा-कुछ दिन पहले सीएम गहलोत व कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे भी यहीं थे, लेकिन वे कोटड़ी नहीं गए और अब यहां भी नहीं आ रहे हैं। हम आज झंडा लेकर यहां नहीं आए हैं। हम आज मानवीयता के कारण ज्ञापन देने आए हैं। अगर पीड़िता पर किसी प्रकार का प्रेशर होगा तो भाजपा सड़कों पर उतरेगी।
इधर, कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष ने हॉस्पिटल में आरोपियों को लताड़ा
इस मामले में कांग्रेस की महिला जिलाध्यक्ष रेखा हिरण पीड़िता से हॉस्पिटल मिलने पहुंची। वहां से वह मेडिकल जांच करवाने आए दोनों आरोपियों के पास गईं और उन्हें काफी भला-बुरा कहा। मगर रेखा हिरण ने आरोपी छोटू सरगरा के कांग्रेस कार्यकर्ता होने से इनकार कर दिया।

इधर, पुलिस के बयानों से अलग पीड़ित महिला का कहना है कि वह रात का खाना खाकर टहलने निकली थी, तब एक परिचित सहित दो लोगों ने उसका किडनैप कर गैंगरेप किया। इसके बाद वह निर्वस्त्र हालत में घटनास्थल से भागी। इसी हालत में वह रास्ते पर लोगों से 30 मिनट तक मदद मांगती रही। तब एक बाइक सवार ने पुलिस को सूचना दी। मगर पुलिस ने चंद घंटे बाद ही पूरे मामले को गलत बताते हुए कहा कि महिला खुद ही आरोपियों के साथ गई थी।
