राजस्थान: कांग्रेस विधायक ने मुंडवाया अपना सिर, सीएम गहलोत को पत्र के साथ भेजेंगे बाल, जानें क्या है वजह
13 सितम्बर को सीएम गहलोत अगर कोटा आते हैं तो भरत सिंह अपने बाल और एक पत्र उन्हें सौंपेंगे। अगर नहीं आते तो वह डाक के माध्यम से अपने बाल मुख्यमंत्री को भेजेंगे।
एनसीआई@कोटा
जिले के सांगोद विधायक और पूर्व मंत्री भरत सिंह ने अपना सिर मुंडवा लिया। भरत सिंह अपने बालों को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कोटा आगमन पर एक पत्र के साथ सौंपने की तैयारी कर रहे हैं। अगर मुख्यमंत्री कोटा नहीं आते हैं तो वह अपने इन बालों को डाक के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजेंगे। भरत सिंह ने कहा कि एक भ्रष्टाचार को संरक्षण दिया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर एनजीटी, सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के नियमों और आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। नियमों की पालना करने वाले ही नियम विरुद्ध काम कर रहे हैं।
विधायक भरत सिंह ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री 13 सितम्बर को सिटी पार्क और केबिनेट की बैठक में कोटा आते हैं तो वह अपने बाल और एक पत्र उन्हें सौंपेंगे। यदि नहीं आते हैं तो डाक के माध्यम से अपने बालों को मुख्यमंत्री के पास भेजेंगे।

‘जब तक मांग पूरी नहीं हो जाती, बाल नहीं रखूंगा’
भारत सिंह ने कहा कि मैं जब तक खान की झोपड़ियों को कोटा में शामिल नहीं करवा लेता, तब तक अपने बालों को ऐसे ही रखूंगा। उन्होंने कहा कि इस सिर के माध्यम से लोगों को याद रहेगा कि आखिर यह क्यों मुंडवाया गया है। भारत सिंह ने कहा कि जब कोई अपने घर का या घनिष्ठ मर जाता है तो उस समय सिर को मुंडवाया जाता है, बाल कटवाए जाते हैं। अशोक गहलोत का ईमान मर चुका है और वह मेरे बहुत करीबी हैं, इस कारण से मैंने अपने बालों को कटवाया है।
घर के बाहर लगाया रावण का पुतला
इसके साथ ही, विधायक भरत सिंह ने अपने घर के बाहर रावण का पुतला और कई बैनर और पोस्टर लगा रखे हैं और लगातार विरोध दर्ज करा रहे हैं। भ्रष्टाचार रूपी रावण के पुतले का भी वह दहन करेंगे। भारत सिंह ने चम्बल रिवर फ्रंट को लेकर के कहा कि एनजीटी और सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन की पालना नहीं हो रही है। कोटा सहित कई जगह एनजीटी और सुप्रीम कोर्ट के नियमों की पालना नहीं की जा रही, उनके आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
बात कोटा की ही नहीं है, जहां भी सत्ता में सरकार है वह इसका पालन नहीं करती। इसके पालन के लिए जिसे चुना गया है, वही इसका दुरुपयोग करता है। कांग्रेस की सरकार हो या बीजेपी की, कोई भी एनजीटी और सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट के नियमों और आदेशों का पालन नहीं कर रहा है।
‘गृहमंत्री के नाते गहलोत ने गलत काम किए’
भारत सिंह ने कहा कि मंत्री प्रमोद जैन भाया लगातार अवैध खनन कर रहा है। इस बारे में कई पत्र मुख्यमंत्री को लिख चुका हूं। वह गांधीवादी तरीके की बात करते हैं, लेकिन गांधीवादी नहीं हैं। भरत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नाते उन्होंने अच्छे काम किए हैं, लेकिन गृहमंत्री के नाते उन्होंने कुछ फाइलों को बारां से शिफ्ट कर सवाई माधोपुर और जयपुर भेज दिया है।
इन पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो रही है और खुले रूप में अवैध खनन करने वालों को संरक्षण देने वाले प्रमोद जैन भैया को मुख्यमंत्री ने संरक्षण दे रखा है। ऐसे में उनका तीखा विरोध किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के रूप में उनकी जिंदाबाद के नारे लगाए जाएंगे, वहीं गृहमंत्री के रूप में मुर्दाबाद के नारे लगाए जाएंगे।
