April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान के दो दिग्गज बीजेपी में शामिल, दोनों को मिल सकता है टिकट

राजस्थान के दो दिग्गज बीजेपी में शामिल, दोनों को मिल सकता है टिकट

दिल्ली बीजेपी मुख्यालय में विश्वराज सिंह मेवाड़ (बाएं से दूसरे) और भवानी सिंह कालवी (बाएं से तीसरे) ने बीजेपी जॉइन की।

एनसीआई@नई दिल्ली/जयपुर 

विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बीजेपी राजस्थान में लगातार विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गज या प्रभावशाली लोगों को अपने पक्ष में करने में लगी है। इसी क्रम में मेवाड़ और मारवाड़ के दो दिग्गज घराने आज मंगलवार को बीजेपी से जुड़ गए। इनमें मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य विश्वराज सिंह मेवाड़ अर्थात महाराणा प्रताप के वंशज और मारवाड़ के दिग्गज नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री कल्याण सिंह कालवी के पोते भवानी सिंह कालवी शामिल हैं। भवानी सिंह के पिता लोकेन्द्र सिंह कालवी राजपूत समाज के बड़े नेता हैं।

दीया कुमारी की अहम भूमिका

दिल्ली बीजेपी मुख्यालय में पार्टी के बड़े नेताओं की मौजूदगी में विश्वराज सिंह मेवाड़ और भवानी सिंह कालवी को प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, जॉइनिंग कमेटी के अध्यक्ष व केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने पार्टी जॉइन कराई। इस मौके पर सांसद दीया कुमारी भी मौजूद रहीं। गौरतलब है कि दोनों की जॉइनिंग में दीया कुमारी की भूमिका अहम मानी जा रही है।

मेवाड़ में मजबूत होगी बीजेपी

गुलाबचंद कटारिया के असम का राज्यपाल बन जाने के बाद से मेवाड़ बीजेपी खालीपन महसूस किया जाने लगा था। इसीलिए बीजेपी यहां अपने आप को तेजी से और अधिक मजबूत करने में लगी हुई है। इस खालीपन को भरने के लिए ही बीजेपी ने चित्तौड़गढ़ से सांसद सीपी जोशी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया। इसके बाद भी पार्टी मेवाड़ में लगातार कुछ न कुछ नया कर रही है। पूरे मेवाड़ अंचल में मेवाड़ राजघराने का जो सम्मान है, उसके बारे में बताने की जरूरत नहीं है।

विश्वराज उदयपुर शहर से लड़ सकते हैं चुनाव

विश्वराज सिंह मेवाड़ को पार्टी उदयपुर शहर से चुनाव लड़ा सकती है। यह बीजेपी की परम्परागत सीट मानी जाती है। यहां से गुलाबचंद कटारिया लगातार विधान सभा चुनाव जीतते रहे हैं।

ज्योति मिर्धा के बाद नागौर में बीजेपी का बड़ा कदम

मारवाड़ के नागौर जिले में बीजेपी की स्थिति पिछले चुनावों में अच्छी नहीं रही थी। यही वजह है कि इस बार बीजेपी ने यहां दो प्रमुख जातियों को अपने साथ करने की कोशिश की है। पहले ज्योति मिर्धा को बीजेपी में शामिल करके बीजेपी ने जाट समुदाय और कांग्रेस के बड़े परम्परागत वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश की। इसके बाद अब लोकेन्द्र सिंह कालवी के बेटे व पूर्व केन्द्रीय मंत्री कल्याण सिंह कालवी के पोते भवानी सिंह कालवी को बीजेपी जॉइन कराकर मारवाड़ के राजपूत समाज को भी अपने साथ खड़ा करने की कोशिश की है।

डेगाना से चुनाव लड़ सकते हैं भवानी सिंह

बीजेपी भवानी सिंह कालवी को डेगाना से चुनाव लड़ा सकती हैं। पिछले चुनावों में यह सीट कांग्रेस ने जीती थी। अभी विजयपाल मिर्धा यहां से विधायक हैं। ​​​​​​​जॉइनिंग के बाद भवानी सिंह कालवी ने कहा-वह पोलो खिलाड़ी हैं। पोलो एक टीम गेम है। बीजेपी में भी वह पीएम मोदी की कप्तानी में एक टीम मेम्बर के रूप में जो रोल उन्हें दिया जाएगा, उसे निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.