गणपति प्लाजा के लॉकर से अब 2.46 करोड़ रुपए और निकले, 500 के नोटों से खचाखच भरा था, अभी 339 लॉकर्स खोलना बाकी
भाजपा से राज्यसभा सांसद किरोड़ीलाल मीणा के आरोप के बाद से गणपति प्लाजा के लॉकर्स की जांच की जा रही है। रविवार को लॉकर से अब 2.46 करोड़ रुपए और निकले हैं। हालांकि, ज्यादातर लॉकर्स के दस्तावेज फर्जी हैं।
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान की राजधानी जयपुर में गणपति प्लाजा के लॉकर से अब 2 करोड़ 46 लाख रुपए और निकले हैं। पूरा लॉकर 500 के नोटों से खचाखच भरा था। इनकम टेक्स विभाग के अधिकारी अब तक 761 लॉकर्स की जांच कर चुके हैं, अभी 339 लॉकर खुलना बाकी है। पहले के छापे में लॉकर्स से करीब डेढ़ लाख रुपए और एक किलो सोना मिला था।
दरअसल, भाजपा से राज्यसभा सांसद किरोड़ीलाल मीणा ने बीते दिनों गणपति प्लाजा के लॉकर्स में करोड़ों रुपए का काला धन रखा होने की बात कही थी। यह आरोप लगाने के बाद वे यहां धरने पर बैठ गए थे, जिसके बाद आईटी टीम ने यहां छापा मारा था। उसके बाद से विभाग की टीम लगातार इन लॉकर्स की जांच कर रही है। इससे पहले दो लॉकर्स से करीब 1.5 करोड़ रुपए और एक किलो सोना मिला था।
अधिकारियों ने बताया- लॉकर्स की जांच की जा रही है। अभी 339 लॉकर खोलना बाकी हैं। बताया जा रहा है कि जिन दस्तावेजों के आधार पर ये लॉकर लिए गए हैं, उनमें ज्यादातर फर्जी निकल रहे हैं। ऐसे लॉकर्स की सूची बनाई जा रही है।
नहीं मिल पाता असली मालिक
अफसरों ने बताया कि इस तरह के ज्यादातर लॉकर नौकरों और ड्राइवरों के नाम पर लिए जाते हैं। इसके बाद जब वह नौकरी छोड़कर चला जाता है तो सम्बन्धित लोग उस लॉकर को अपने काम में लेना शुरू कर देते हैं। ऐसे में इनकम टेक्स सहित अन्य एजेंसियां छापा मारती हैं तो लॉकर इस्तेमाल कर रहे लोग जानकारी न होने का बहाना बना देते हैं। इस कारण लॉकर से सोना और नगदी मिलने के बाद भी असली मालिक का नाम सामने नहीं आ पाता है।
