राजस्थान : पेपर लीक पर SIT बनाएंगे, बेटियों के लिए फ्री स्कूटी, KG से PG तक फ्री शिक्षा, एंटी रोमियो स्क्वायड… जेपी नड्डा ने जारी किया बीजेपी का का संकल्प पत्र
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी का संकल्प पत्र (घोषणा पत्र) जारी करते हुए कहा, अन्य पार्टियों के लिए घोषणा पत्र एक औपचारिकता होती है, पर बीजेपी के लिए यह विकास का रोड मैप है। हमारा इतिहास इस बात का साक्षी है, हमने जो कहा, वह कर के दिया और जो नहीं कहा वह भी कर के दिया।
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए 25 नवम्बर को मतदान होना है। इससे पहले गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान के लिए अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संकल्प जारी करते हुए कहा, अन्य पार्टियों के लिए घोषणा पत्र एक औपचारिकता है, पर बीजेपी के लिए यह विकास का रोड मैप है। हमारा इतिहास इस बात का साक्षी है, हमने जो कहा, वह करके दिया और जो नहीं कहा वह भी कर के दिया।
बीजेपी के संकल्प पत्र की मुख्य बातें-
• हर जिले में महिला थाना खुलेगा.
• बेटी के जन्म पर 2 लाख का बॉन्ड
•12 वीं पास बेटियों के लिए फ्री स्कूटी योजना शुरू करेंगे
• केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा
• महिला सुरक्षा के लिए हर जिले में एंटी रोमियो स्क्वायड शुरू करेंगे
• लखपति दीदी योजना की शुरुआत की जाएगी
• परीक्षाओं से लेकर अन्य भ्रष्टाचार में जिन लोगों ने घोटाला किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए SIT का गठन किया जाएगा
• गेहूं को 2700 रुपए में खरीदा जाएगा। जिन किसानों की भूमि को कुर्क किया गया हैं, उनको मुआवजा कैसे दिया जाए, इस पर काम किया जाएगा।
• उज्ज्वला बेनिफिशियरीज को 450 रुपए में सिलेंडर दिया जाएगा
• मातृत्व वंदना योजना के तहत महिलाओं को दिए जा रहे 5,000 रुपए को बढ़ाकर 8,000 रुपए किया जाएगा
• पांच साल में दी जाएंगी ढाई लाख सरकारी नौकरियां
• ERCP को पूरा करने का वायदा
राजस्थान में घोटाले वाली सरकार
जेपी नड्डा ने कहा, कांग्रेस भ्रष्टाचार में नम्बर वन पार्टी है। अशोक गहलोत सरकार के लिए जल जीवन मिशन, जेब भरो मिशन बन गया। राजस्थान में घोटाले वाली सरकार चल रही है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अगर राजस्थान में भाजपा की सरकार बनी तो गहलोत सरकार में हुए पेपर लीक मामले की SIT जांच कराई जाएगी। भाजपा राजस्थान में 40 हजार करोड़ रुपए इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च करेगी।
गेंहू की खरीद को लेकर यह वादा किया
नड्डा ने राज्य के किसानों का ध्यान अपनी ओर खींचते हुए कहा कि अगर राजस्थान में हमारी सरकार बनी तो हमारी सरकार गेंहू की उपज को प्रति क्विंटल 2,700 रुपए में खरीदेगी और ये एमएसपी के ऊपर बोनस दिया जाएगा।उसी तरीके से एक मुआवजा नीति (compensation policy) बनेगी, जिसमें जिन किसानों की भूमि कुर्क की गई है, उन्हें हम कैसे कम्पनसेट कर सकते हैं और मुख्यधारा में ला सकते हैं, इस पर काम किया जाएगा
हर जिले में खुलेगा महिला थाना
वहीं, महिला सुरक्षा को लेकर जेपी नड्डा ने कहा कि हर जिले में एक महिला थाना खुलेगा और हर थाने में एक महिला डेस्क होगा।
जीत के लिए बीजेपी का ये है मास्टर प्लान
राजस्थान में भाजपा जनता की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ प्रदेश की महिलाओं व छात्रों की सुविधाओं का खासा ध्यान रख रही है। लाडली बहनों को घर, प्रत्येक माह आर्थिक सहायता, गरीब परिवार के छात्रों को 12 वीं कक्षा तक फ्री शिक्षा और सरकारी स्कूलों में मिड-डे-मील के साथ पौष्टिक आहार देने सहित छात्राओं को पीजी तक की पढ़ाई मुफ्त देने और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना एवं लाडली बहन योजना के परिवारों को 450 रुपए में गैस सिलेंडर देने का वादा किया।
राजस्थान में किसानों के लिए क्या करेगी भाजपा
भाजपा किसानों को गेहूं और धान खरीदने की गारंटी भी दे रही है। प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र स्थापित करने की बात भी संकल्प पत्र में कही गई है। सूत्रों के अनुसार, केन्द्रीय विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की अध्यक्षता में बनी भाजपा की संकल्प पत्र बनाने वाली समिति ने अपना काम दो दिन पहले पूरा किया था।
हफ्ते भर चलेगा भाजपा का चुनाव प्रचार अभियान
बीजेपी 22 नवम्बर तक आक्रामक तरीके से चुनाव प्रचार अभियान चलाएगी। इसके तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 15 नवम्बर को बाड़मेर जिले के बायतु में जनसभा कर चुके हैं। अब 18 नवम्बर को भरतपुर व नागौर तथा 20 नवम्बर को पाली में जनसभा को सम्बोधित करेंगे। साथ ही 22 नवम्बर को जयपुर में करीब नौ किलोमीटर लम्बा रोड शो भी आयोजित किया जाएगा।
