April 19, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बूंदी: जिले के साढ़े आठ लाख से अधिक मतदाता चुनेंगे अपने प्रतिनिधि, मुकाबले में हैं 26 प्रत्याशी, सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा मतदान

बूंदी: जिले के साढ़े आठ लाख से अधिक मतदाता चुनेंगे अपने प्रतिनिधि, मुकाबले में हैं 26 प्रत्याशी, सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा मतदान

एनसीआई@बूंदी

विधानसभा आम चुनाव 2023 को लेकर जिले की तीनों विधानसभाओं में शनिवार, 25 नवम्बर की सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक 892 मतदान केन्द्रों पर मतदान होगा। जिले में आठ लाख साठ हजार एक सौ तिरयासी मतदाता 26 प्रत्याशियों का भाग्य तय करेंगे। सभी मतदान केन्द्रों पर मतदान की तैयारियां पूरी हो गई हैं। आम मतदाताओं की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखते हुए इस बार मतदान केन्द्रों को तैयार किया गया है। दिव्यांग मतदाताओं की सुगमता के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
26 प्रत्याशियों का फैसला करेंगे मतदाता

बूंदी जिले में विधानसभा चुनाव के तहत तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 26 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें हिंडोली में 6, केशवरायपाटन में 8 व बूंदी विधानसभा क्षेत्र में 12 प्रत्याशी शामिल हैं।

मतदान में 8 लाख 60 हजार 183 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इनमें 4 लाख 44 हजार 344 पुरुष मतदाता व 4 लाख 15 हजार 835 महिला मतदाता शामिल हैं।

892 मतदान केन्द्रों पर होगा मतदान

बूंदी जिले में कुल 892 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें हिंडोली विधानसभा क्षेत्र में 283 मतदान केन्द्र, केशवरायपाटन विधानसभा क्षेत्र में 291 तथा बूंदी विधानसभा क्षेत्र में 318 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।
मतदान समाप्ति के समय शाम 6 बजे तक जो भी मतदाता मतदान केन्द्र में मतदान के लिए कतारबद्ध या एकत्र रहेंगे, उन्हें मतदान केन्द्र के भीतर लेकर समय समाप्ति पर मतदान केन्द्र का द्वार बंद कर दिया जाएगा। मतदान केन्द्रों में मौजूद सभी मतदाताओं को मतदान का अवसर दिया जाएगा।

निर्वाचन प्रावधानों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

मतदान के दौरान मतदान केन्द्रों के 100 मीटर एवं 200 मीटर के दायरे में विशेष हिदायत निर्वाचन आयोग द्वारा दी गई है। प्रावधानों के उल्लंघन पर निर्वाचन प्रावधानों के तहत कार्रवाई होगी। मतदान के दौरान निर्वाचन नियमों के तहत मतदान केन्द्र के एक सौ मीटर के भीतर प्रचार करना निषिद्ध होगा। कोई भी व्यक्ति, जो ऐसा करता है, पुलिस द्वारा वारंट के बिना गिरफ्तार किया जा सकता है। इसके अलावा मतदान केन्द्र से 200 मीटर के परिक्षेत्र में कोई भी चुनाव अभ्यर्थी अपना चुनाव बूथ नहीं लगा सकेंगे।
अनाधिकृत प्रवेश पर रहेगी रोक

मतदान केन्द्रों में कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकेंगे। मतदान केन्द्रों में अधिकृत प्रवेश पत्र के साथ ही प्रवेश किया जा सकेगा। मतदान के दौरान कोई भी व्यक्ति या मतदानकर्मी मतदान केन्द्र के भीतर मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे। मतदान केन्द्र में फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी अधिकृत व्यक्तियों द्वारा ही की जा सकेगी, लेकिन इसमें मतदान कंपार्टमेंट के दूर से ही चित्र लेना होगा, ताकि मतदान की गोपनीयता बनी रहे।

वास्तविक मतदान से पहले होगा बनावटी मतदान

विधानसभा आम चुनाव 2023 के तहत मतदान से पूर्व बनावटी मतदान किया जाएगा। यह मतदान शुरू होने के एक घंटे पहले मतदान अभिकर्ताओं की उपस्थिति में होगा। उस समय यदि कोई भी मतदान अभिकर्ता उपस्थित नहीं हो या केवल एक ही मतदान अभिकर्ता उपस्थित हो तो पीठासीन अधिकारी 15 मिनट तक अन्य मतदान अभिकर्ता का इन्तजार करेंगे। इसके बाद मॉक पोल कर लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.