राजस्थान: बदलेगा मौसम, तेज हवाओं के साथ होगी बारिश, 6 जिलों में बारिश के साथ ओलों का भी अलर्ट
एनसीआई@जयपुर
मौसम विभाग ने राज्य में 26 नवम्बर से मौसम में बड़ा बदलाव होने का अलर्ट जारी किया है। इसके अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण दक्षिण-पश्चिम जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ ओले गिरने और तेज आंधी चलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने इसके मद्देनजर चित्तौड़गढ़, सिरोही, उदयपुर, बाड़मेर, जालोर और पाली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज बारिश और ओले के साथ 40 से 60 KM की स्पीड से तेज हवा चलने की आशंका जताई गई है। वहीं, कुल 22 जिलों में बारिश की सम्भावना है।

मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के जोधपुर और उदयपुर सम्भाग के जिलों में 26 नवम्बर से हल्की बारिश हो सकती है। दरअसल, अरब सागर की खाड़ी से हवाओं के साथ उपयुक्त नमी सप्लाई होने से इस सिस्टम का सर्वाधिक असर देखने को मिलेगा।
सबसे ज्यादा बारिश उदयपुर सम्भाग के जिलों में होने की आशंका है। वहीं, 27 नवम्बर को बादलों की गर्जना के साथ कोटा, भरतपुर, जयपुर सम्भाग में बारिश की आशंका है। 28 नवम्बर से इस सिस्टम के कमजोर होने की सम्भावना है। मौसम के इस बदलाव से न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने हो सकती है।
इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग ने 26 नवम्बर को चित्तौड़गढ़, सिरोही, उदयपुर, बाड़मेर, जालोर और पाली जिलों के लिए ऑरेज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने इन जिलों में तेज बारिश और ओले के साथ 40 से 60 KM की स्पीड से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है। इन जिलों के अलावा जोधपुर, टोंक, सवाई माधोपुर, राजसमंद, प्रतापगढ़, कोटा, झालावाड़, जयपुर, डूंगरपुर, बूंदी, भीलवाड़ा, भरतपुर, बारां, बांसवाड़ा, अलवर और अजमेर में भी बारिश होने की सम्भावना जताई है।
हवा रुकने से तापमान बढ़ा
उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के नजदीक आने से उत्तर-पश्चिमी हवाएं भी आना रुक गईं, इससे राजस्थान, हरियाणा व दिल्ली में तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। राजस्थान की राजधानी जयपुर में आज न्यूनतम तापमान 14.2, जोधपुर में 14.3 और बाड़मेर में 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। चूरू, झुंझुनूं में आज न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस, जबकि सीकर में 9.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इधर अजमेर, उदयपुर में भी आज न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई।
सीकर में खुश्क मौसम के बीच तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि सुबह हल्की धुंध छाने के बाद मौसम साफ हो गया।
