April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बस किराये पर हुआ विवाद तो कंडक्टर पर कर दिया जानलेवा हमला, धार्मिक नारे लगाए, वीडियो भी बनाया, आरोपी एनकाउंटर में घायल

बस किराये पर हुआ विवाद तो कंडक्टर पर कर दिया जानलेवा हमला, धार्मिक नारे लगाए, वीडियो भी बनाया, आरोपी एनकाउंटर में घायल

प्रयागराज के औद्योगिक थाना क्षेत्र में इंजीनियरिंग के छात्र लारेब हाशमी ने बस कंडक्टर पर बेरहमी से चापड़ से कई वार किए। इसके बाद पुलिस कस्टडी से भागते समय मुठभेड़ में आरोपी छात्र को गोली लग गई है।

एनसीआई@प्रयागराज

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शुक्रवार को शहर में एक इलेक्ट्रिक बस में बीटेक के छात्र लारेब हाशमी ने कंडक्टर हरिकेश विश्वकर्मा की गर्दन पर चापड़ से बेरहमी से कई वार कर दिए। इसे देख बस में सवार सभी यात्रियों की रूह कांप गई। हमला करने के बाद फरार हुए लारेब हाशमी को बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस हिरासत से इसने भागने की कोशिश की तो पुलिस को इसकी टांग पर गोली मारनी पड़ी। खास बात यह रही कि आरोपी लारेब हाशमी ने कंडक्टर हरिकेश विश्वकर्मा पर हमला करने के बाद धार्मिक नारे भी लगाए। पता चला है कि मात्र 15 रुपए के विवाद पर ही आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दे डाला।

 

यह घटना प्रयागराज शहर के औद्योगिक थाना क्षेत्र की है। इस वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस लारेब हाशमी की तलाश में लग गई। कुछ देर बाद ही उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े जाने के बाद पुलिस उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने के लिए ले जा रही थी तो उसने पुलिस पर ही हमला कर भागने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए लारेब हाशमी पर गोली चलाई। गोली उसके पैर में जा लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं, घायल बस 24 वर्षीय बस कंडक्टर हरिकेश विश्वकर्मा का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हमले के दौरान लगाए विवादित धार्मिक नारे

पुलिस ने जानकारी दी है कि बस में किराये के विवाद को लेकर आरोपी छात्र ने सिटी बस के कंडक्टर पर चापड़ से हमला कर लहूलुहान कर दिया था। इसके बाद कंडक्टर को बचाने आए एक अन्य साथी कंडक्टर पर भी लारेब हाशमी ने जानलेवा हमला किया था। वारदात को अंजाम देने के बाद वह हाथ में चापड़ लेकर भागते हुए नजर आया था। आरोप है कि आरोपी छात्र लारेब हाशमी ने कंडक्टर हरिकेश विश्वकर्मा पर हमला करने के दौरान विवादित धार्मिक नारा भी लगाया था। उसने हमले के बाद वीडियो बनाया और कहा कि इस्लाम के अपमान पर काफिर कंडक्टर को मार डाला। कोई ये न समझे की हुकूमत मोदी की है, योगी की है। वीडियो में उसने हथियार भी दिखाया।

आतंकी कनेक्शन को लेकर भी जांच

डीसीपी यमुनानगर अभिनव त्यागी ने बताया कि पुलिस की एक टीम लारेब हाशमी के घर असवा हाजीगंज सोरांव भेजी गई है। पुलिस उसके परिजनों से पूछताछ करेगी। इसके अलावा उसकी गतिविधियों को जानने के लिए इंजीनियरिंग कॉलेज में भी पूछताछ की जाएगी। इनमें लारेब के साथ पढ़ने वाले छात्र व उसके शिक्षक भी शामिल रहेंगे। उसने हमले के बाद वीडियो बनाकर धार्मिक नारेबाजी की थी।

डीसीपी त्यागी ने कहा कि आरोपी छात्र लारेब हाशमी के आतंकी कनेक्शन को लेकर भी जांच-पड़ताल शुरू हो गई है। वीडियो में उसने धर्म का सहारा लेकर विवादित व भड़काऊ बातें कहीं थीं, जिससे उसके जिहादी होने और किसी आतंकी संगठन से जुड़े होने की भी आशंका है।

कंडक्टर की हालत में हो रहा सुधार

एसआरएन अस्पताल के आईसीयू में कंडक्टर हरिकेश का इलाज चल रहा है। परिजनों के मुताबिक हरिकेश की हालत में सुधार हो रहा है। पिता राम शिरोमणि विश्वकर्मा और मां फूलपती देवी भी अस्पताल में मौजूद हैं। पिता ने शासन और प्रशासन से आरोपी लारेब हाशमी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। गरीब और बेबस पिता ने बेटे के इलाज के लिए सीएम से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने पीएम मोदी और सीएम योगी से न्याय की गुहार भी लगाई है। ये फूलपुर तहसील के प्रतापपुर के सेमरी गांव के रहने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.