April 28, 2026

News Chakra India

Never Compromise

पीछे हाथ बंधे हुए बच्चे का शव मिला, अपहरण के बाद हत्या का शक, सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

पीछे हाथ बंधे हुए बच्चे का शव मिला, अपहरण के बाद हत्या का शक, सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

एनसीआई@अजमेर

जिले के नसीराबाद सदर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह 10 वर्षीय बालक की सिर कुचली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह ग्रामीण जब काम पर जाने के लिए निकले तो उन्हें यह शव दिखा। इसके बाद 8 बजे करीब पुलिस को सूचना दी। बच्चे के हाथ पीछे की ओर बंधे हुए थे और सिर के पास ही एक बड़ा पत्थर पड़ा हुआ था।

बच्चे की पहचान में जुटी पुलिस

नसीराबाद सदर थाना प्रभारी रोशनलाल सामरिया ने बताया कि बुधवार सुबह 8 बजे उन्हें नेशनल हाईवे 48 के पास मोतीपुरा गांव की सरहद में स्थित एक बंद पड़ी फेक्ट्री के सामने जंगल में बच्चे का शव पड़ा होने की सूचना मिली। इस पर मौके पर एएसपी ग्रामीण वैभव शर्मा व सीओ नसीराबाद विजय सांखला अपनी टीम के साथ पहुंचे। मौके पर एसएफएल टीम को भी बुलाया गया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर राजकीय चिकित्सालय नसीराबाद की मॉर्च्युरी में रखवा दिया।

अजमेर एसपी चुनाराम जाट ने बताया कि नसीराबाद में बच्चे के शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पुलिस टीम पहुंची तो उसके दोनों हाथ बंधे हुए थे और बच्चे के सिर पर भारी पत्थर के चोट के निशान हैं। प्रथमदृष्टया मामला हत्या का है। हालांकि, बच्चे की अभी तक पहचान नहीं हुई है। इसकी पहचान के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है। आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। हाईवे पर आसपास के होटलों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

अपहरण के बाद हत्या का शक

नसीराबाद सदर थाना प्रभारी रोशनलाल सामरिया ने बताया- बच्चे की उम्र लगभग 10 वर्ष लग रही है। उसके कान के ऊपर गहरी चोट है। बालक के दोनों हाथ प्लास्टिक की रस्सी से पीछे कमर की ओर बंधे हुए हैं। बच्चे की काले रंग की जैकेट पास ही पड़ी हुई थी।

बच्चे के कान के ऊपर गहरा जख्म होने और दोनों हाथ पीछे की ओर बंधे होने से मामला अपहरण के बाद सिर कुचल कर हत्या करने का लग रहा है। थाना प्रभारी सामरिया ने बताया कि मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। मृतक की शिनाख्त होने के बाद ही जांच की सही दिशा तय हो पाएगी। पुलिस ने उसके फोटो जिले के सभी थानों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भेजकर शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए हैं।

बच्चे के शरीर पर हल्के केसरिया रंग की टीशर्ट और हल्के नीले रंग की जींस पेंट है। उसके गले में भी गमछेनुमा एक कपड़ा डला हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.