April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

दिल्ली में जेपी नड्डा के घर चली डेढ़ घंटे बैठक में तय हो गए राजस्थान मंत्रिमंडल के चेहरे, अभी बन सकते हैं 15 से 17 मंत्री

दिल्ली में जेपी नड्डा के घर चली डेढ़ घंटे बैठक में तय हो गए राजस्थान मंत्रिमंडल के चेहरे, अभी बन सकते हैं 15 से 17 मंत्री

एनसीआई@जयपुर

भजनलाल सरकार के मंत्रिमंडल को लेकर लगभग सहमति बन गई है। रविवार शाम को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर मंत्रिमंडल को लेकर करीब डेढ़ घंटे बैठक चली। बताया जा रहा है कि पहले चरण में 15 से 17 मंत्री बनाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सीएम भजनलाल शर्मा पहली बार रविवार को दिल्ली पहुंचे। उनके साथ डिप्टी सीएम दिया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा भी गए हैं। जेपी नड्डा के आवास पर बैठक से पहले तीनों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की।

नड्डा के यहां चली बैठक में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सीएम भजनलाल शर्मा, डिप्टी सीएम दिया कुमारी व प्रेमचंद बैरवा, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, सह प्रभारी विजया राहटकर, केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, अर्जुनराम मेघवाल, राजेन्द्र राठौड़, सतीश पूनिया सहित प्रदेश बीजेपी के अन्य नेता मौजूद थे।

बैठक में मंत्रिमंडल के गठन में क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे लोकसभा चुनाव में पार्टी को फायदा मिल सके। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि जल्द ही मंत्रिमंडल का गठन हो जाएगा।

वहीं, भाजपा सरकार ने कांग्रेस सरकार के समय बने सभी बोर्ड, निगम, आयोग, टास्क फोर्स, राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय समितियों को भंग कर दिया है। इनमें मनोनीत गैर सरकारी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्यों की सेवाओं को भी समाप्त कर दिया है। प्रशासनिक सुधार विभाग ने इसके आदेश जारी किए हैं।

मंत्रिमंडल में अनुभव और युवा का मिश्रण देखने को मिल सकता है। इससे पहले, शनिवार को मुख्यमंत्री भजनलाल ने राज्यपाल कलराज मिश्र से भी मुलाकात की थी।

वहीं, शपथ लेने के बाद से ही भजनलाल सरकार एक्शन मोड में है। पेपर लीक माफिया को खत्म करने के लिए गठित एसआईटी की कमान एडीजी वीके सिंह को सौंपी गई है।साथ ही एंटी गैंगस्टर्स टास्क फोर्स को लीड करने की जिम्मेदारी शनिवार को एडीजी (क्राइम) दिनेश एमएन को दी गई। इसके साथ ही 4 आईएएस और एक आईएफएस को सरकार ने एपीओ कर दिया।

सीएम भजनलाल ने रविवार सुबह जयपुर के जगतपुरा में हाफ मैराथन को फ्लैग ऑफ किया। शर्मा ने युवाओं से कहा कि वे स्वस्थ और उत्साहित रहकर देश में राजस्थान को अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प लें।

सीएम बोले- भाजपा सरकार घोषणा पत्र का हर वादा पूरा करेगी

मुख्यमंत्री ने शनिवार को महारानी कॉलेज में विकसित भारत संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाई थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि भाजपा सरकार घोषणा पत्र का हर वादा पूरा करेगी और मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीन तक पहुंचाया जाएगा। कोई भी व्यक्ति इससे वंचित रहता है तो अफसरों की जवाबदेही तय की जाएगी। इन योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और मॉनिटरिंग के लिए राज्य स्तर पर एक कमेटी बनेगी। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअली जुड़े थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.