चलती बाइक पर आया हार्ट अटेक, 40 वर्षीय कोचिंग टीचर सौरभ सक्सेना की मौत
एनसीआई@कोटा
एक कोचिंग टीचर को गुरुवार को चलती बाइक पर हार्ट अटेक आ गया। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार महावीर नगर थर्ड निवासी सौरभ सक्सेना (40) एक कोचिंग संस्थान लेंडमार्क में फिजिक्स पढ़ाते थे। गुरुवार सुबह नौ बजे वह कोचिंग इंस्टीट्यूट जाने के लिए निकले थे। दादाबाड़ी मेन रोड पर एसी वाले गणेश मंदिर के पास चलती बाइक पर ही उन्हें घबराहट महसूस होने लगी तो सौरभ ने बाइक को सड़क किनारे लगा दिया और पास ही दीवार पर बैठ गए। कुछ ही देर में वह बेहोश होकर गिर गए। राहगीरों ने तुरंत एम्बुलेंस की मदद से उन्हें दादाबाड़ी स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके पास मिले मोबाइल और कार्ड से उनकी पहचान हुई। इसके बाद घरवालों और कोचिंग संस्थान को सूचना दी गई। इसके बाद कोचिंग इंस्टीट्यूट का स्टाफ भी मौके पर पहुंचा। सौरभ महावीर नगर थर्ड में अपनी मां और भाई के साथ रह रहे थे।
सर्दियों में अटेक का ज्यादा खतरा
उल्लेखनीय है कि सर्दी के मौसम में हार्ट अटेक के मामले ज्यादा आते है। जानकारों के अनुसार सर्दी में हार्मोन लेवल बढ़ जाता है। खून गाढ़ा हो जाता है। इस वजह से बीपी बढ़ने से परेशानी होती है। ब्लड प्रेशर बढ़ने और दिल की धमनियां सिकुड़ने की वजह से हार्ट अटेक का खतरा बढ़ जाता है। सर्दी में ज्यादा एक्सरसाइज करने पर भी हार्ट अटेक का खतरा होता है, क्योंकि ज्यादा मेहनत करने पर हार्ट को ज्यादा ऑक्सीजन की जरूरत पड़ती है और हार्ट अटेक का खतरा बढ़ जाता है।
