डिप्टी सीएम बैरवा ने कहा-जल्द आवंटित हो जाएंगे मंत्रियों को विभाग, मंत्रिमंडल के नए चेहरों पर बोले-अनुभव कोई साथ लेकर नहीं आता
एनसीआई@कोटा
लम्बे इंतजार के बाद शनिवार को 22 मंत्रियों ने शपथ ली। यह अलग बात है कि अब उन्हें विभागों का बंटवारा अभी भी होना बाकी है। किसे, कौनसा विभाग मिलेगा, यह बड़ा सवाल बना हुआ है। इस बीच उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा रविवार को कोटा दौरे पर रहे। यहां समाज के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे बैरवा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जल्द ही मंत्रियों का पोर्टफोलियो भी सामने आ जाएगा, इसमें समय नहीं लगेगा।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान में बनाए गए 22 मंत्रियों में से 17 नए चेहरे हैं। अनुभवी चेहरों को मंत्रिमंडल में कम जगह मिलने पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुभव कोई साथ लेकर नहीं आता। सब पार्टी के आम कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने समाज के लिए, संगठन के लिए काम किया है। उसका अनुभव उनके पास है। नए चेहरों को मौका देने को लेकर उन्होंने कहा कि बीजेपी हर कार्यकर्ता को उनका दायित्व सौंपती है। डिप्टी सीएम ने कहा कि कांग्रेस का काम आरोप लगाने का है, उनके कार्यकाल में क्या हुआ है यह सब जानते हैं। राजस्थान को आगे बढ़ाना है, केन्द्र और राज्य की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना कार्ययोजना का हिस्सा है।
बैरवा ने कहा-देखिये, बीजेपी पार्टी ऐसी पार्टी है जो हर व्यक्ति को अपना अपना दायित्व देकर काम करवाती है। मंत्री मंडल बना है, अब राजस्थान को निश्चित रूप से आगे बढ़ाने का काम सब मिलकर करेंगे।
अनुभवी चेहरों को कम शामिल करने पर यह कहा…..
मंत्रिमंडल में अनुभवी चेहरों को कम मौका दिए जाने के सवाल पर उपमुख्यमंत्री बैरवा ने कहा- अनुभव साथ में लेकर कोई नहीं आता है। जिन्हें मंत्रीमंडल में जगह मिली है, सब बीजेपी के कर्मठ कार्यकर्ता हैं। संगठन में काम किया है, समाज के लिए सबने काम है। ऐसे में उन्हें अनुभव है, सब अनुभवी है। कोई अनुभव नही है, ऐसी कोई बात नही है।
सुरेन्द्र पाल सिंह टीटी के शपथ को लेकर चल रहे विवाद और कांग्रेस की ओर से इस मामले में आचार संहिता के उल्लंघन का लगाए जा रहे आरोप पर बैरवा ने कहा- इसमें आरोप क्या है? संवैधानिक है। उनका (कांग्रेस) का काम आरोप लगाने का है, हमारा काम जनता की सेवा करने का है। आचार संहिता का कोई उल्लंघन नहीं हुआ है। कांग्रेस हमेशा यही करती आई है। उनके कार्यकाल में क्या हुआ, आप सबको पता है।
अपराधों पर लगाम लगाने की कार्ययोजना के सवाल पर यह दिया जवाब
उप मुख्यमंत्री बैरवा ने कहा-पिछले पांच साल में राजस्थान में अपराध बढे़। महिला, दलित अपराधों में बढ़ोतरी हुई। अब एक-एक चीज पर ध्यान देकर काम करेंगे, डबल इंजन की सरकार है। अपराध, भ्रष्टाचार सब पर अंकुश लगाने का काम होगा। पिछली बीजेपी सरकार में जो काम हुए उसे आज भी लोग याद करते हैं। पीएम की योजनाओं को कांग्रेस सरकार ने जनता तक नहीं पहुंचने दिया।
पिछली सरकार की योजनाओं पर संशय के सवाल पर उप मुख्यमंत्री बोले-कोई योजनाएं बंद नहीं हो रही हैं। वैसे भी सभी योजनाएं बीजेपी सरकार की ही थीं, जिनके नाम बदलकर कांग्रेस चलाती रही थी।
