आत्मनिर्भर भारत उत्सव प्रदर्शनी: 3 से 8 फरवरी तक कोटा में जुटेंगे देशभर के बुनकर, विभिन्न प्रदेशों का हस्तशिल्प देखने को मिलेगा
एनसीआई@कोटा
यहां के प्रसिद्ध दशहरा मैदान में 3 से 8 फरवरी तक देशभर के बुनकर जुटेंगे। दरअसल, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से केन्द्रीय वस्त्र मंत्रालय की ओर आयोजित होने वाली आत्मनिर्भर भारत उत्सव प्रदर्शनी में यह नजारा देखने को मिलेगा। यहां हस्तशिल्प में भारत के विभिन्न प्रदेशों की संस्कृति, कला और परम्पराओं की झलक देखने को मिलेगी। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केन्द्रीय वस्त्र राज्य मंत्री दर्शना जरदोश करेंगी।
इस प्रदर्शनी में 150 से अधिक दुकानें लगेंगी । इनमें विभिन्न प्रदेशों से आए बुनकर अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। एक ही स्थान पर पैठनी, कोटपाड़, कोटा डोरिया, टंगाइल, पोचमपल्ली, कांचीपुरम, थिरुबुवनम, जामदानी, शांतिपुरी, चंदेरी, माहेश्वरी, पटोला, मोइरंगफी, बनारसी ब्रोकेड, तनचोई, भागलपुरी सिल्क, बावन बूटी, पश्मीना आदि साड़ियां खरीदने का मौका मिलेगा।
इसके अलावा सूट, स्टॉल, कुर्ते तथा अन्य विशिष्ट उत्पाद भी लोगों को मिल सकेंगे। इस मेले में विभिन्न स्थानों पर विभिन्न प्रदेशों की साड़ियों को विशिष्ट तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा। उनके साथ ही साड़ी और हस्तकला से सम्बन्धित समस्त जानकारियां भी प्रदर्शित की जाएंगी। यहां मनोरंजन के लिए झूले और खाने-पीने के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
वन भारत साडी वॉकथॉन के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू
मेले के साथ ही भारत की विविधता में एकता वाली संस्कृति को प्रदर्शित करने तथा देश में हथकरघा साड़ी संस्कृति को बढ़ावा देना के लिए 4 फरवरी को वन भारत वॉकथॉन का आयोजन भी किया जाएगा। इस वॉकथॉन में महिलाएं परम्परागत साड़ी पहनकर सम्मिलित होंगी। यह वॉकथॉन दशहरा मैदान से प्रारम्भ होकर विभिन्न मार्गों से होता हुआ वापस दशहरा मैदान पर समाप्त होगा। आयोजन का हिस्सा बनने के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया प्रारम्भ हो गई है। कोई भी इच्छुक महिला https://www.sariwalkathon.in/register पर निःशुल्क ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकती है।
यहां करवाएं ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन
इसके अतिरिक्त सुखमणी फिजियोथैरेपी विज्ञान नगर, आयरन मैन एकेडमी महावीर नगर द्वितीय, रीबूट जिम चित्रगुप्त कॉलोनी, इनशेप जिम गुमानपुरा, सिटी जिम छावनी, समीर सैनी जिम नयापुरा, उपहार सुपर मार्केट भीमगंजमंडी व महावीर नगर तृतीय तथा कोटड़ी स्थित निःशुल्क परिधान उपहार केन्द्र पर ऑफ लाइन रजिस्ट्रेशन करवाए जा सकते हैं।
