April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कोटा में दिनदहाड़े युवक पर फायरिंग, बीच-बचाव करने आए युवक को चाकू मारा, हमलावर पहले साथ करता था काम

कोटा में दिनदहाड़े युवक पर फायरिंग, बीच-बचाव करने आए युवक को चाकू मारा, हमलावर पहले साथ करता था काम

एनसीआई@कोटा

कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े प्रॉपर्टी के विवाद में एक युवक पर फायरिंग कर दी गई। संयोग से गोली युवक के हाथ को छूती हुई निकल गई। वहीं, बीच-बचाव करने आए उसके साथी पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

पीड़ित तरुण कुमार योगी का कहना है कि करीब 5 साल पहले तक वह और बृजेश योगी मिलकर साथ काम करते थे। आज बृजेश योगी ने उसके साथी लक्ष्मण पारेता के साथ मिलकर उस पर प्राण घातक हमला कर दिया।

पीड़ित बोला- मेरे सीने पर तान दी पिस्टल

पीड़ित तरुण कुमार ने बताया कि वह ऑफिस से निकला था। अपने साथी योगेन्द्र गोस्वामी के साथ घर जा रहा था। पार्श्वनाथ एनक्लेव के पास पीछे से आए बृजेश और लक्ष्मण ने उनके आगे आकर गाड़ी लगा दी और गाली-गलौच करते हुए हथियार निकाल लिया। इसके बाद मेरे सीने पर पिस्टल तान दी। मैं पीछे होकर नीचे झुक गया और मौके से भागा। तब उन्होंने फायरिंग कर दी। गोली उसके हाथ को छूते हुए निकल गई। तरुण कुमार के अनुसार इस बीच वह पार्श्वनाथ कॉलोनी के अंदर होता हुआ पीछे के गेट से वापस आया और पीछे छूट गए साथी योगेन्द्र को फोन किया। इस पर योगेन्द्र ने कहा कि इधर मत आना, उन्होंने मेरे हाथ में चाकू से वार कर दिया है।

घर में भी घुस गए बदमाश

पीड़ित ने बताया कि इसके बाद आरोपी मेरे घर में घुस गए। घर में पत्नी और बेटी अकेली थी। आरोपियों ने घर में घुसकर फिर मेरे ऊपर पिस्टल तान दी। जैसे-तैसे उनको पकड़ा। इतने में पुलिस आ गई और दोनों को पकड़ कर ले गई।

कुन्हाड़ी थाना सीआई अरविंद कुमार ने बताया कि तरुण कुमार योगी और योगेन्द्र गोस्वामी ने एक लिखित में शिकायत दी है। इसमें बताया गया है कि बृजेश योगी और लक्ष्मण पारेता ने उन पर जानलेवा हमला किया है। हमले के कारणों का पता नहीं चला है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.