लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने बूंदी में सुनी जनसमस्याएं, जानें इस दौरान क्या-क्या हुआ
एनसीआई@बूंदी
लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को स्थानीय सर्किट हाउस में आमजन की परिवेदनाएं सुनीं। इस जनसुनवाई में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने जन सुनवाई के दौरान परिवादियों की समस्याओं की विस्तार से जानकारी ली और मौके पर ही मौजूद अधिकारियों को सकारात्मक भाव से समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का अधिकारी संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि इसमें किसी तरह की कौताही नहीं बरती जाए। साथ ही अधिकारी प्राप्त परिवेदनाओं को गम्भीरता से लेते हुए उनका समाधान कर परिवादियों को राहत देना सुनिश्चित करें।

जन सुनवाई के दौरान प्रधानमंत्री आवास राशि भुगतान करवाने, जलापूर्ति, विद्युत कनेक्शन, सीमा ज्ञान, अतिक्रमण हटाने, राशि स्वीकृत करवाने, पट्टा दिलाने, वेतन भुगतान, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, रास्ते, राजस्व रिकॉर्ड में नाम शुद्धिकरण, सड़क निर्माण, खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ दिलाने सम्बन्धी समस्याएं लोकसभा अध्यक्ष को बताई गईं। कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। अन्य के सम्बन्ध में सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र समाधान कर राहत देने के निर्देश दिए।
जन सुनवाई में पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद मीणा, लोकसभा अध्यक्ष के ओएसडी राजीव दत्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण जैन, तालेड़ा प्रधान राजेश रायपुरिया, उपखंड अधिकारी बूंदी अनुराग हरित, बूंदी उपअधीक्षक नरेन्द्र पारीक, उप अधीक्षक सज्जन सिंह, भाजपा नेता सुरेश अग्रवाल, छीतर लाल राणा, रामेश्वर मीणा, महावीर मोदी आदि के अलावा ग्रामीण भी मौजूद रहे।
