पेपर लीक कर पास हुए 15 सब-इंस्पेक्टर को पकड़ा, आरपीए में ले रहे थे ट्रेनिंग, इनमें टॉपर भी शामिल
एनसीआई@जयपुर
एसआई भर्ती 2021 भी अब संदेह के घेरे में आ गई है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की टीम सोमवार सुबह राजस्थान पुलिस अकादमी (आरपीए) पहुंची। टीम ने यहां ट्रेनिंग ले रहे 12 सब-इंस्पेक्टर (एसआई) को पकड़ा। साथ ही एक एसआई को किशनगढ़ ट्रेनिंग सेंटर तो एक-एक को भीनमाल और गुढ़ामलानी से हिरासत में लिया। इन सभी 15 एसआई को टीमें जयपुर एसओजी मुख्यालय में लेकर आईं और पूछताछ शुरू की। गिरफ्तार आरोपियों में इस बैच का टॉपर भी शामिल बताया गया है।
एसओजी को 29 फरवरी को गिरफ्तार जेईएन भर्ती पेपर लीक के मास्टर माइंड जगदीश विश्नोई (41) से हुई पूछताछ के बाद कई चौंकाने वाली जानकारी सामने आई हैं। उसी के आधार पर एसओजी ने ये कार्रवाई की है। जगदीश ने एसआई भर्ती 2021 में भी कई केंडिडेट्स को पेपर उपलब्ध कराए थे।
आरपीए में ट्रेनिंग कर रहे 25 सब-इंस्पेक्टर (एसआई) संदिग्ध पाए गए। इस पर उनके दस्तावेजों की जांच शुरू की गई। जांच एजेंसी का मानना है कि पेपर लीक कर या डमी केंडिडेट बैठाकर ऐसे केंडिडेट परीक्षा में पास हुए थे। सुबह 11 बजे आरपीए डायरेक्टर से परमिशन के बाद एसओजी की टीम आरपीए ट्रेनिंग सेंटर पहुंची थी।
डमी केंडिडेट बिठाकर 1402 रेंक हासिल की
एसओजी-एटीएस चीफ वीके सिंह ने बताया- 2 फरवरी को डालूराम को आरपीए से गिरफ्तार किया गया था। डालूराम ने ‘एसआई भर्ती-2021’ परीक्षा में अपनी जगह हरचंद उर्फ हरीश को बैठाया था। इस पर पुलिस ने हरचंद को सांचौर से गिरफ्तार किया था।डालूराम से हुई पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। बाद में डालूराम फिजिकल टेस्ट में पास हो गया था। इसके बाद वह आरपीए में ट्रेनिंग ले रहा था।
डालूराम से मिले इनपुट के आधार पर ही एक्शन शुरू हो चुका है। इससे ट्रेनिंग कर रहे कई केंडिडेट परेशानी में आएंगे। एसओजी की टीम संदिग्धों से पूछताछ करने आरपीए पहुंच गई। यहां से 13 लोगों को पकड़ा गया। पुलिस मुख्यालय को भी इस विषय में अवगत कराया गया है। आने वाले दो दिन में एसओजी इस विषय पर बड़ा खुलासा करेगी।

फर्जीवाड़ा कर पास हुए 25 केंडिडेट
गिरफ्तारी के बाद डालूराम से हुई पूछताछ में सामने आया है कि आरपीए में ट्रेनिंग ले रहे 670 ट्रेनी (प्रशिक्षु) एसआई में से करीब 25 फर्जी तरीके से परीक्षा में पास हुए हैं। डालूराम और पेपर लीक के मास्टर माइंड जगदीश विश्नोई से मिले इनपुट के बाद एसओजी हरकत में आई है।
विदेश भाग चुके मास्टर माइंड के नाम लुकआउट नोटिस होंगे जारी
एसओजी से मिली जानकारी के अनुसार, मौजूदा समय में पेपर लीक से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े आरोपी नेपाल भाग चुके हैं। एसओजी ने इन बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस मुख्यालय को सूची दी है। ये ऐसे बदमाश हैं, जो जेल जाने से बचने के लिए विदेश भाग गए हैं। इन लोगों का लुकआउट नोटिस भी जारी कराने की तैयारी हो रही है।
फॉर्च्यूनर-थार में नौकरी करने आता था मास्टर माइंड
जेईएन भर्ती पेपर लीक माफिया पंकज उर्फ यूनिक भांबू भले ही दुबई फरार हो चुका है, पर उसकी लाइफ स्टाइल के चर्चे यहां खत्म नहीं हो रहे। पेपर बेचकर हुई काली कमाई से वो लग्जरी लाइफ जीता था। वनपाल भर्ती की ट्रेनिंग के लिए वह चूरू से अलवर 250 किलोमीटर दूर 45 लाख की लग्जरी कार से आता-जाता था। जबकि उसे ट्रेनिंग में महज 18 हजार रुपए महीने के मिलते थे।

जेईएन भर्ती पेपर लीक मामले में मास्टर माइंड 41 साल के जगदीश विश्नोई को एसओजी ने बीते गुरुवार दोपहर बाद गिरफ्तार कर लिया था। इससे पहले गिरफ्तार हुए 2 मुख्य आरोपियों के जयपुर, दौसा और भरतपुर में 14 से ज्यादा ठिकानों पर गुरुवार सुबह ही एसओजी की टीम ने दबिश दी थी। इसमें पेपर लीक के मास्टर माइंड हर्षवर्धन कुमार मीणा (पटवारी) के दौसा-महवा और जयपुर, भरतपुर में 7 से ज्यादा ठिकाने भी शामिल रहे थे।
