बस का इंतजार कर रहे दम्पती को युवकों ने टेक्सी में जबरदस्ती बैठाया, रास्ते में उतार जेवर और कपड़ों से भरे बैग लेकर भाग छूटे
एनसीआई@कोटा
एरोड्रॉम सर्किल पर झालावाड़ जाने वाली बस का इंतजार कर रहे रिटायर्ड प्रिंसिपल और उनकी पत्नी को कुछ युवकों ने अपनी टेक्सी में जबरदस्ती बैठाया। बाद में रास्ते में खुद को क्राइम ब्रांच में पोस्टेड बताकर इन्हें गाड़ी से नीचे उतार दिया। ये दम्पती डिक्की में से अपने बैग निकालते, उससे पहले ही बदमाश टेक्सी लेकर फरार हो गए। बैगों में कपड़ों के अलावा सोने के जेवर भी थे। विज्ञान नगर थाने में इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
झालावाड़ के निवासी रिटायर्ड प्रिंसिपल कृष्ण कुमार ने बताया कि उनके साढू कोटा के नयापुरा इलाके में रहते हैं। उनकी बेटी की जयपुर में शादी थी। ये दम्पती उस शादी में शामिल होकर 3 मार्च को नयापुरा लौटे। वहां से शाम 5 बजे करीब एरोड्रॉम सर्किल पर आए। यहां वह झालावाड़ की तरफ जाने वाली बस के इंतजार में खड़े थे।
उस दौरान वहां एक बस में तो आई, मगर भीड़ ज्यादा होने से ये उसमें चढ़ नहीं पाए। तभी वहां एक टेक्सी आकर रुकी। इसमें तीन युवक बैठे थे। इन्होंने कहा कि वे भी झालावाड़ जा रहे हैं, आपको भी छोड़ देंगे। इस पर कृष्ण कुमार ने कहा कि हमारे पास एक ट्रॉली बैग और 2 अन्य बैग हैं, ये गाड़ी में नहीं आ पाएंगे। इसके बावजूद भी युवक नहीं माने और डिक्की में बैग रख दिए और इन्हें बैठा लिया।
फिर ऐसे दिया लूट को अंजाम
करीब एक किमी दूर जाने पर इनमें से एक युवक ने खुद को क्राइम ब्रांच में पोस्टेड बताया व बैगों में रखे सामान की जानकारी लेने लगा। इस पर इन्होंने उस युवक को टोका। इसके बाद इन युवकों ने अंडरपास निकलते ही दम्पती को गाड़ी से नीचे उतार दिया। इस पर इनके डिक्की से बैग निकालने से पहले ही बदमाश गाड़ी को तेज स्पीड में भगाकर फरार हो गए। बैग में शादी के कपड़े और पत्नी का सोने का हार व अन्य गहने थे। विज्ञान नगर थाना में इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एसएचओ सतीश चंद ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से युवकों की पहचान कर तलाश करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
