April 29, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान: पेट्रोल-डीजल की दो दिन रहेगी मारामारी, 10 और 11 मार्च को पेट्रोल पम्प संचालकों की हड़ताल

राजस्थान: पेट्रोल-डीजल की दो दिन रहेगी मारामारी, 10 और 11 मार्च को पेट्रोल पम्प संचालकों की हड़ताल

राजस्थान में पेट्रोल-डीजल के लिए फिर से मारामारी मचने वाली है। प्रदेश के पेट्रोल पम्प संचालकों ने फिर से हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है। 10 मार्च की सुबह 6 बजे से प्रदेशव्यापी हड़ताल की घोषणा की गई है। इस घोषणा के साथ ही प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल लेने के लिए पम्पों पर भीड़ जुटने लगी है।

एनसीआई@जयपुर

राजस्थान में पेट्रोल पम्प संचालकों ने फिर से हड़ताल का ऐलान कर दिया है। कल यानी रविवार 10 मार्च से प्रदेश के पेट्रोल पम्प संचालकों ने हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है। राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने फिर से हड़ताल पर जाने की घोषणा कर दी है। राज्य में मोदी की गारंटी के बाद भी पेट्रोल-डीजल पर वेट कम नहीं करने सहित अन्य मांगों के समर्थन में प्रदेश के पेट्रोल पम्प संचालकों ने हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। इस ऐलान के साथ ही प्रदेश में पेट्रोल-डीजल के लिए फिर से मारामारी मचने लगी है। पेट्रोल पम्प संचालकों के ऐलान के बाद प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल पम्पों पर गाड़ियों में पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए लोग जुटने लगे हैं।

8 मार्च को हुई बैठक में हुई थी चर्चा

उल्लेखनीय है कि 8 मार्च को राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के कार्यकारिणी सदस्यों ने एक वर्चुअल बैठक आयोजित की थी। इस बैठक में पेट्रोल-डीजल पर वेट कम नहीं करने सहित ऑयल कम्पनियों द्वारा पिछले 7 सालों से डीलर कमिशन में बढ़ोतरी नहीं करने और ल्यूब ऑयल एवं प्रीमियम प्रॉडक्ट की जबरन आपूर्ति करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सभी जिलों के अध्यक्ष, सचिव और आरपीडीए कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।

10 मार्च से 12 मार्च तक पेट्रोल पम्पों से बंद रहेगी बिक्री

बैठक में इन मुद्दों पर चर्चा के बाद यह प्रदेशव्यापी हड़ताल करने का ऐलान किया गया। यह हड़ताल रविवार, 10 मार्च 2024 की सुबह 6 बजे से शुरू होकर 12 मार्च की सुबह 6 बजे तक जारी रहेगी। इस दौरान प्रदेश का कोई भी डीलर किसी भी प्रकार की खरीद-बिक्री नहीं करेगा।

11 मार्च को जयपुर में निकाली जाएगी मौन रैली

सोमवार, 11 मार्च को दोपहर 12 बजे जयपुर के स्टेच्यू सर्किल से सचिवालय तक डीलर्स की एक मौन रैली भी निकाली जाएगी। इस आशय का पत्र भी पेट्रोलियम एसोसिएशन ने जारी कर दिया है। इस पत्र पर राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह भाटी के हस्ताक्षर हैं।

वेट अधिक होने से राजस्थान में महंगा है पेट्रोल-डीजल

पिछले सात साल में सरकार की ओर से डीलर कमिशन नहीं बढ़ाने व पड़ोसी राज्यों से वेट बहुत ज्यादा होने से राजस्थान में पेट्रोल-डीजल बहुत महंगा है, जिससे आमजन को महंगा ईंधन खरीदना पड रहा है। इसके साथ ही राजस्थान में पेट्रोल-डीजल की कीमत अन्य राज्यों की तुलना में अधिक होने से राज्य की बिक्री पड़ोसी राज्यों में जाने से डीलरों के सामने भी अपने व्यवसाय को बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है।

आमजन को महंगाई से राहत दिलाने के लिए हड़ताल

राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह भाटी ने कहा कि हमारा आंदोलन आमजन को महंगाई से राहत दिलाने के लिए है। फिर भी सरकार हमारी मांगों पर विचार नहीं करती है तो हमें अनिश्चितकालीन बंद जैसा कड़ा कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ेगा। इसलिए सरकार से समय रहते वेट कम करने की अपील है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.