खुद के अपहरण की साजिश रचने वाली छात्रा इंदौर में मिली, सहेली के रूम पर रह रही थी, कोटा पुलिस इंदौर रवाना
एनसीआई@कोटा
कोटा से खुद के अपहरण की सनसनीखेज झूठी कहानी फैला कर अपने दोस्तों के साथ गायब हुई मध्यप्रदेश के शिवपुरी की छात्रा काव्या धाकड़ को इंदौर पुलिस ने आखिरकार दस्तयाब कर लिया है। काव्या इंदौर में ही अपनी एक सहेली के पास रह रही थी। इंदौर पुलिस से जानकारी मिलने के बाद कोटा पुलिस उसे लाने के लिए इंदौर रवाना हो गई है। काव्या और उसके दोस्त हर्षित को इंदौर में देवगुराड़िया के पास रहने वाली उसकी सहेली के कमरे से दस्तयाब किया गया है।
उल्लेखनीय है कि काव्या के अपहरण की रिपोर्ट कोटा के विज्ञान नगर थाने में उसके पिता ने दर्ज कराई थी। दरअसल काव्या के पिता को 18 मार्च को उनके वॉट्सएप पर काव्या के हाथ पैर बंधे हुए फोटो मिले थे। ये फोटो भेजने वाले ने काव्य के अपहरण करने की बात कहते हुए तीस लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू की तो सामने आया कि काव्या कोटा में न तो पढ़ाई कर रही थी और न ही वह कोटा में ही रह रही थी। उसके अपहरण की कहानी भी झूठी साबित हुई थी। जांच में पता चला था कि काव्या ने ही अपने दोस्त के साथ मिलकर यह साजिश रची थी। तब से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी, लेकिन उसका पता नहीं लगा था। इंदौर पुलिस भी उसकी तलाश में लगी हुई थी।

शुरुआती जानकारी के अनुसार उसके दोस्त हर्षित ने ही काव्या के परिवार तक उसकी लोकेशन के साथ यह जानकारी पहुंचाई थी कि वह सुसाइड की धमकी दे रही है। इसके बाद पुलिस ने उन्हें दस्तयाब किया। कोटा शहर एसपी अमृता दुहन ने बताया कि काव्या को इंदौर पुलिस ने दस्तयाब किया है। शुरुआती जानकारी ही मिली है। यहां से पुलिस की एक टीम इंदौर के लिए रवाना कर दी गई है।
