April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कांग्रेस की फजीहत: राहुल गांधी के मंच पर बीजेपी उम्मीदवार की लगा दी फोटो, नजर पड़ी तो छुपाने के लिए करनी पड़ी यह मशक्कत

कांग्रेस की फजीहत: राहुल गांधी के मंच पर बीजेपी उम्मीदवार की लगा दी फोटो, नजर पड़ी तो छुपाने के लिए करनी पड़ी यह मशक्कत

एनसीआई@भोपाल

लोकसभा चुनाव प्रचार के बीच मध्य प्रदेश से आई एक तस्वीर खासी चर्चा में आ गई। दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मंडला में चुनावी सभा से ठीक पहले मुख्य मंच पर लगे फ्लेक्स में बीजेपी उम्मीदवार और केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते की तस्वीर लगी हुई थी। हालांकि, इसमें कुलस्ते का नाम नहीं लिखा था। इस फ्लेक्स में अन्य कांग्रेस नेताओं की भी बिना नाम लिखे फोटो लगाई गईं थीं।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज मंडला लोकसभा क्षेत्र के धनोरा गांव में जनसभा को सम्बोधित करेंगे। वे यहां कांग्रेस उम्मीदवार ओमकार सिंह मरकाम के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश करेंगे। यहां कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के चुनावी सम्बोधन से पहले मुख्य मंच पर जो फ्लेक्स लगाया जा रहा था, उसमें सभी कांग्रेस नेताओं के साथ केन्द्रीय मंत्री और बीजेपी उम्मीदवार फग्गन सिंह कुलस्ते की तस्वीर भी लगी हुई थी। बाद में आनन-फानन में इस गलती को छिपाने के लिए मंच पर लगे फ्लेक्स में बीजेपी नेता कुलस्ते की फोटो को ढंक दिया और उस फ्रेम में कांग्रेस विधायक रजनीश हरवंश सिंह का पोस्टर चिपका दिया गया।

राहुल गांधी आज मध्य प्रदेश के दौरे पर

राहुल गांधी सोमवार को मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं। वे धनोरा (सिवनी) और बाणगंगा मेला ग्राउंड (शहडोल) में जनसभाओं को सम्बोधित करेंगे। राहुल दोपहर 2 बजे सिवनी पहुंचेंगे। इसके बाद शाम 4 बजे शहडोल की रैली में शामिल होंगे।

मंडला में रोचक है चुनावी मुकाबला

मंडला सीट पर बीजेपी ने एक बार फिर फग्गन सिंह कुलस्ते पर दांव लगाया है, हालांकि, फग्गन हाल ही में विधानसभा चुनाव हार गए थे। कुलस्ते मंडला सीट से 6 बार लोकसभा सांसद रहे हैं। वे एक बार राज्यसभा सदस्य भी रह चुके हैं। 2019 के चुनाव में उन्होंने करीब 98 हजार वोटों से चुनाव जीता था। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार कमल सिंह मरावी को मात दी थी। कांग्रेस ने इस बार यहां से ओमकार सिंह मरकाम को मैदान में उतारा है।‌ मरकाम ने 2023 के विधानसभा में डिंडोरी सीट से जीत हासिल की थी। मरकाम कांग्रेस की प्रदेश सरकार में मंत्री भी रहे और चार बार के विधायक हैं। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में कुलस्ते के खिलाफ मरकाम को हार का सामना करना पड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.