कोटा के एक कैफे पर देसी कट्टा लिए रील बनाते समय चल गई गोली, युवक की मौत, झालावाड़ का निवासी था मृतक
एनसीआई@कोटा
महावीर नगर थाना क्षेत्र में बुधवार अपराह्न बड़ा हादसा हो गया। झालावाड़ के मनोहरथाना निवासी एक लड़का यहां एक कैफे पर अपने दोस्त के साथ हाथ में देसी कट्टा लेकर रील बना रहा था। इसी बीच उससे लोडेड कट्टे का ट्रिगर दबा गया और गोली उसके सीने में जा लगी। इससे उसकी मौत हो गई।
मनोहरथाना का निवासी यशवंत (22) कुछ दिन से यहां के केशवपुरा इलाके में रह रहा था। वह महावीर नगर थाना क्षेत्र के एक कैफे में अपने दोस्त के साथ रील बना रहा था। इस दौरान उसके हाथ में देसी कट्टा भी था। रील बनाते समय यशवंत से कट्टे का ट्रिगर दब जाने से गोली चल गई और उसके सीने में लग गई। इस पर आसपास के लोग उसे न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लेकर गए। वहां इलाज के दौरान यशवंत की मौत हो गई।

तीन बहनों का इकलौता भाई था
यशवंत बीए में पढ़ रहा था। वह तीन बहनों का इकलौता भाई था। 3 मई को उसकी परीक्षा थी। यशवंत अपने दोस्त के साथ महावीर नगर विस्तार योजना में महर्षि गौतम भवन के पास एक कैफे पर बैठा था। यह दुकान उसके एक रिश्तेदार की है। दोनों ने यहां नाश्ते का ऑर्डर किया था। उस समय दुकान में चार-पांच लोग बैठे हुए थे। उस समय ही यशवंत और उसका दोस्त मोबाइल पर वीडियो बना रहे थे। तभी यह हादसा हो गया। देशी कट्टा किसका था और इनके पास कैसे आया, इसकी जांच की जा रही है। सूचना मिलने के बाद यशवंत के परिजन रात को कोटा पहुंच गए। इनकी शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। शव का गुरुवार सुबह पोस्टमॉर्टम होगा। इसके बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए मनोहरथाना ले जाया जाएगा।

यशवंत कोटा में अपने रिश्तेदार से मिलने ही अक्सर आता रहता था। इसी के कैफे पर यह हादसा हुआ। पिछले कुछ दिनों से वह केशवपुरा में इस रिश्तेदार के पास ही ठहरा हुआ था। केशवपुरा में ही उसका दोस्त भी रहता था। डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया कि घटना स्थल का मौका नक्शा बनाया गया है। पूछताछ के लिए दोस्त और दुकान पर मौजूद युवक को भी थाने लेकर आए।
