राजस्थान: 47 डिग्री से भी ऊपर पहुंचे पारे का भीषण कहर, एक ही दिन में लील ली 8 जिंदगियां, बाड़मेर दुनिया का दूसरा सबसे गर्म स्थान रहा, दुनिया के 15 सबसे गर्म शहरों में हाड़ोती का यह शहर भी शामिल
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान में भीषण गर्मी ने कहर बरपा रखा है। आमजन को ऐसा लग रहा है जैसे भभकती हुई कई भट्टियों के बीच रहना पड़ रहा है। ऐसे में आज गुरुवार को एक ही दिन में लू और जानलेवा तापमान ने कमसे कम 8 लोगों की जान ले ली। इस प्राकृतिक आपदा से अकेले जालोर जिले में ही एक महिला सहित चार लोगों की मौत हो गई। बालोतरा में तीन और भीलवाड़ा में भी एक आइसक्रीम बेचने वाले एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। इसका शव एक पेड़ के नीचे मिला। वहीं, खैरथल में 7 राष्ट्रीय पक्षी मोरों की मौत हो गई।
भीषण गर्मी के कहर से आज जिनकी मौत हुईं, उनमें जालोर की एक ऐसी महिला भी शामिल हैं, जो घर पर काम करने के दौरान बेहोश हो गईं। इस पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण लू को बताया गया।
जालोर में ही हीटवेव (लू) लगने से दो बुजुर्गों की भी मौत हो गई। ये दोनों रेलवे स्टेशन के पास अचेत अवस्था में मिले थे। इनमें से एक बुजुर्ग गुजरात के डीसा के रहने वाले थे। वहीं, शाम को जिले के आहोर निवासी 30 वर्षीय युवक पोपटलाल की भी लू लगने से मौत हो गई।
निर्माणाधीन रिफाइनरी में दो मजदूरों की मौत
ऐसे ही हादसे बालोतरा जिले में भी हुए। यहां पचपदरा में निर्माणाधीन रिफाइनरी में सुबह के समय काम कर रहे एक मजदूर शिंदर सिंह की मौत हो गई। वहीं शाम को भी यहां एक मजदूर मंटू सिंह की काम के दौरान तबीयत बिगड़ गई। इस पर उसे अस्पताल ले जाया गया, वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इसी क्रम में बालोतरा के ही कालेवा गांव में शाम करीब छह बजे खेत पर काम करते समय मूलाराम (55) की तबीयत बिगड़ गई। उसे अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।
आइसक्रीम बेचने वाले का शव पेड़ के नीचे मिला
वहीं भीलवाड़ा के रूपाहेली गांव में तो ऐसा मामला सामने आया, जिसने सभी की आंखें नम कर दीं। दरअसल इस भीषण गर्मी में आइसक्रीम बेचकर गुजर बसर करने वाले युवक का शव एक पेड़ के नीचे मिला। माना जा रहा है कि यह युवक के गर्मी से तबीयत खराब हो जाने से इस पेड़ के नीचे रुका होगा। यहीं इसका दम निकल गया। पुलिस के अनुसार प्रारम्भिक जांच में अत्यधिक धूप लगने के कारण ही मौत होने की बात सामने आई है।
बाड़मेर दुनिया का दूसरा सबसे गर्म शहर
बाड़मेर में तापमान लगातार दूसरे दिन भी 48 डिग्री के पार रहा। यहां पारा 48.8 डिग्री पर पहुंच गया। इसके चलते गुरुवार को बाड़मेर दुनिया का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। बड़ी बात यह है कि दुनिया के 15 सबसे गर्म शहरों में राजस्थान के 5 शहर शामिल रहे। इनमें बाड़मेर के अलावा फलोदी, जैसलमेर, जोधपुर, चूरू और कोटा भी शामिल हैं। दूसरी ओर, जैसलमेर से सटे भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर तापमान 53 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। उल्लेखनीय है कि कल बुधवार से राज्य के 22 जिलों में अगले तीन दिन के लिए लू (गर्मी) का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
